पीएम पद के उम्मीदवार पर मिल बैठकर लेंगे फैसला- नीतीश
पटना : कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 2024 में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे,
इस पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हमारी तो पहले से भी प्रधानमंत्री बनने की
इच्छा नहीं है. हम लोग एकजुट होंगे और मिल बैठकर सब बात करेंगे.
इसमें चिंता करने की कोई बात नहीं है. उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि
जब एक साथ लोग होंगे तो चुनाव भी लड़ा जाएगा. बहुत अच्छे से बहुमत भी आएगा.
नीतीश कुमार ने कहा कि राहुल गांधी को पीएम उम्मीदवार बनाने से उन्हें कोई समस्या नहीं है.
हालांकि, उन्होंने दोहराया कि वे दावेदार नहीं है.

जानिए भारत जोड़ो यात्रा पर क्या बोले सीएम
राहुल गांधी के ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पर नीतीश कुमार ने कहा कि यह उनका अपना कार्यक्रम है.
जब भारत जोड़ो यात्रा खत्म हो जाएगी, उसके बाद फिर हम लोग एक जगह मिल बैठकर बात करेंगे
और आगे के बारे में तय करेंगे. उसी के आधार पर आगे की रणनीति तय होगी. अभी अपना-अपना कार्यक्रम चल रहा है.

सीएम नीतीश ने नड्डा पर कसा तंज
जेपी नड्डा के बिहार दौरे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन लोगों को पता चल गया है कि हम निकलने वाले
हैं इसीलिए वह लोग भी आ रहे हैं. हालांकि जेपी नड्डा पर हम कोई ज्यादा बात नहीं बोलेंगे.
सीएम नीतीश कुमार ने नड्डा पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें तो दो लोगों की बात माननी है.
उन्होंने यह भी कहा कि वह पार्टी के कार्यक्रम में आ रहे हैं सब अपना कार्यक्रम कर सकते हैं.
सुशील मोदी के बारे में हम कुछ नहीं कह सकते- नीतीश
राज्यसभा सांसद सुशील मोदी के द्वारा उठाए गए सवाल पर उन्होंने कहा कि पहले यह लोग ही बोलते थे
आप नया विमान और हेलीकॉप्टर खरीदें और आप देखिए क्या-क्या बोलते रहते हैं.
हम चाहते हैं कि हम पर हमला करने से अगर केंद्र सरकार उन्हें कोई पद दे दें तो
हमें बहुत खुशी होगी. हम उनके बारे में ज्यादा कुछ नहीं बोल सकते.

राहुल गांधी: जब बैठक होगी तब लिया जायेगा पीएम पद के उम्मीदवार पर फैसला- तेजस्वी
राहुल गांधी के पीएम चेहरा के सवाल पर बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा कि सब लोगों
की अपनी-अपनी इच्छा होती है. इसलिए सभी अपनी बात बोलते हैं. नीतीश कुमार ने स्पष्ट कहा है,
उनका जो मोटिव है ज्यादा से ज्यादा विपक्ष को एकसाथ करके चुनाव लड़े. राहुल गांधी के नाम पर
सहमति को लेकर तेजस्वी ने कहा सभी लोग जब बात करेंगे तब किसी के नाम पर चर्चा होगा.
क्या होगा क्या नहीं सब समय बताएगा.
2024 में राहुल गांधी होंगे पीएम पद के उम्मीदवार- कमलनाथ
बता दें कि एक दिन पूर्व मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा था कि विपक्ष की तरफ से संयुक्त रूप
से राहुल गांधी 2024 के चुनाव में पीएम पद के उम्मीदवार होंगे. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी
ना सिर्फ विपक्ष का चेहरा होंगे, बल्कि प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार भी होंगे.
रिपोर्ट: प्रणव राज


















