रांची: सिंहभूम,खूंटी,लोहरदगा और पलामू के लोकसभा सीट के लिए कल से नामांकन होगा। इन चारों सिटों के लिए सभी प्रमुख दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है।
भाजपा की ओर से सिंहभूम से गीता कोड़ा, खूंटी से अर्जुन मुंडा, लोहरदगा से समीर उरांव और पलामू से बीडी राम को प्रत्याशियों के तौर पर उतारा गया है।
कांग्रेस के प्रत्याशियों में खूंटी से कालीचरण मुंडा और लोहरदगा से सुखदेव भगत हैं। झामुमो ने सिंहभूम से जोबा मांझी को जबकि राजद ने पलामू से ममता भुइंया को चुनाव मैदान में उतारा है।
पहले चरण में चार सीटों सिंहभूम, खूंटी, पलामू और लोहरदगा के लिए निर्वाचन आयोग 18 अप्रैल को अधिसूचना जारी होगा। उसी दिन से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
25 अप्रैल तक नामांकन पत्र भरे जाएंगे। 26 को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 29 अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। यहां 13 मई को मतदान होगा।
इन चार सीटों में से सिंहभूम, खूंटी और लोहरदगा अनुसूचित जनजाति के लिए, जबकि पलामू सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है।
राज्य के मुख्य चुनाव पदाधिकारी के. रवि कुमार ने मंगलवार को बताया कि हमारी तैयारी पूरी है। इस बार झारखंड में पहली बार ऐसा होगा, जब दिन भर वोट डाले जा सकेंगे। प्रदेश के सभी जिलों के मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा।


