डिजिटल डेस्क: पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर किया हवाई हमला, 15 की मौत। पाकिस्तान ने बीती देर रात अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत के बरमल जिले पर हवाई हमला किया। उसमें महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम 15 लोगों की मौत की खबर है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक पाकिस्तानी हवाई हमलों में अफगानिस्तान के लामन सहित 7 गांवों को निशाना बनाया गया। इस हवाई हमले में अफगानिस्तान के एक परिवार के 5 सदस्यों के मारे जाने की पुष्टि की गई है।
पाकिस्तानी हवाई हमले से अफगानिस्तान में व्यापक विनाश, बढ़ा तनाव
बीती रात किए गए पाकिस्तानी हवाई हमले से अफगानिस्तान में बड़ी संख्या में नागरिक हताहत हुए हैं। साथ ही व्यापक विनाश हुआ है। इसी के साथ क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। पाकिस्तान ने आधिकारिक तौर पर इस हवाई हमले की पुष्टि नहीं की है लेकिन सुरक्षा जानकारों का कहना है कि यह हमला अफगानिस्तान में तालिबान के ठिकानों पर किया गया था।
बताया जा रहा है कि इस हमले में मारे गए लोगों की संख्या बढ़ने की भी संभावना है। तालिबान रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता इनायतुल्ला ख्वारजमी ने कहा कि हमले में कई बच्चे और अन्य नागरिक शहीद और घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम 15 शव बरामद किए गए हैं। अभी तलाशी अभियान जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

पाकिस्तानी हवाई हमले की तालिबानी रक्षा मंत्रालय ने की कड़ी निंदा
बीती रात पाकिस्तान की ओर से किए गए हवाई हमलों को लेकर अफगानिस्तान के तालिबानी हुकूमत का बयान सामने आया है। तालिबान के रक्षा मंत्रालय ने इन हमलों की कड़ी निंदा की है। मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि यह उनका वैध अधिकार है अपनी भूमि और संप्रभुता की रक्षा करना। इसके साथ ही मंत्रालय ने दावा किया कि इस हमले में वजीरिस्तानी शरणार्थी भी मारे गए हैं।

पाकिस्तान और अफगानिस्तान में काबिज तालिबानियों के बीच तनातनी एकनजर में…
अफगानिस्तान में वजीरिस्तानी शरणार्थी वे नागरिक हैं जो पाकिस्तान के कबायली इलाकों में सैन्य अभियानों के कारण विस्थापित हुए थे। हालांकि, पाकिस्तान का कहना है कि कई टीटीपी कमांडर और लड़ाके अफगानिस्तान भाग गए हैं, जहां कथित तौर पर सीमावर्ती प्रांतों में अफगान तालिबान द्वारा उनकी सुरक्षा की जा रही है।
अफगानिस्तान में टीटीपी आतंकवादियों की मौजूदगी के कारण पाकिस्तान और अफगान तालिबान के बीच कुछ समय से तनाव बढ़ रहा है जबकि पाकिस्तान अफगान तालिबान पर इन आतंकवादियों को शरण देने का आरोप लगाता है। तालिबान जोर देकर कहता है कि वह समूह के साथ सहयोग नहीं कर रहा है।
इस बीच बीतै मंगलवार को हुआ यह हमला पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच हुई है। खासकर पाकिस्तान में तालिबान के आतंकवादियों की मौजूदगी को लेकर। मामले में पाकिस्तान आरोप लगाता है कि अफगानिस्तान में तालिबान इन आतंकवादियों को पनाह दे रहा है जबकि अफगान तालिबान इस आरोप से इनकार करता है।
Highlights







