Patna Diwali Fire Safety: दीपावली और छठ पूजा के दौरान आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए राजधानी पटना में अग्निशमन विभाग ने विशेष तैयारी की है। शहर की संकरी गलियों में आग लगने पर तुरंत राहत पहुंचाने के लिए 10 स्पेशलाइज्ड वाटर मिस्ट बाइक तैनात की जाएंगी। वहीं, राजधानी के 48 रणनीतिक स्थानों पर अग्निशमन वाहनों की तैनाती की गई है। इन स्थानों पर 450 से अधिक अग्निशमन सिपाही मुस्तैद रहेंगे। झुग्गी-झोपड़ियों, घने बाजारों, लकड़ी के टालों और अस्थायी पटाखा बाजारों में मॉकड्रिल के साथ जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
तंग गलियों में आग बुझाने के लिए दौड़ेगी वाटर मिस्ट बाइक
दीपावली के दौरान पटाखों और दीयों के कारण आग लगने की आशंका को देखते हुए अग्निशमन विभाग ने संकरी गलियों के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। अग्निशमन अधिकारी अभिषेक के अनुसार, पटना सिटी, कंकड़बाग और मंदिरी समेत शहर के संकरे इलाकों में 10 स्पेशलाइज्ड वाटर मिस्ट बाइक तैनात की जाएंगी। इनकी मदद से उन इलाकों में भी तेजी से पहुंचा जा सकेगा, जहां बड़े दमकल वाहनों को ले जाना मुश्किल होता है। इसके अलावा राजधानी के छह शहरी अग्निशमन केंद्रों पर विशेष टीमों की तैनाती की जा रही है। बड़े अग्निकांड से निपटने के लिए 4,000 लीटर क्षमता का वाटर टेंडर और 12,000 लीटर क्षमता का वाटर बाउजर भी उपलब्ध कराया गया है।
पटना के 9 फायर स्टेशनों पर 450 से अधिक जवान रहेंगे तैनात
आगजनी की घटनाओं पर तत्काल नियंत्रण के लिए राजधानी में कुल नौ अग्निशमन स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें छह शहरी अग्निशमन केंद्र लोदीपुर, पटना सिटी, कंकड़बाग, दानापुर, एयरपोर्ट और सचिवालय में स्थित हैं। इसके अलावा तीन अनुमंडलों पालीगंज, मसौढ़ी और बाढ़ में भी आधुनिक अग्निशमन स्टेशन स्थापित किए गए हैं। दीपावली के दौरान इन केंद्रों के माध्यम से अग्निशमन कर्मियों की तैनाती और आपातकालीन व्यवस्था को मजबूत रखा जाएगा। विभाग के अनुसार, राजधानी में 450 से अधिक अग्निशमन सिपाही सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे, ताकि किसी भी घटना की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
52 मीटर का हाइड्रोलिक लैडर भी रहेगा तैयार
बहुमंजिला इमारतों में आग लगने या लोगों के फंसने की स्थिति से निपटने के लिए 52 मीटर ऊंचा हाइड्रोलिक लैडर भी उपलब्ध रहेगा। इसके माध्यम से ऊंची इमारतों में राहत और बचाव अभियान चलाने में मदद मिलेगी। अग्निशमन अधिकारी अभिषेक ने बताया कि सभी अग्निशमन अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इसके साथ ही चार दिनों तक फायर स्टेशन ऑफिसर खुद फील्ड में रहकर विशेष अभियान चला रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
48 रणनीतिक स्थानों पर 24 घंटे तैनात रहेंगे अग्निशमन वाहन
दीपावली के अवसर पर पटना के 48 चिन्हित रणनीतिक स्थानों पर अग्निशमन वाहनों की प्रतिनियुक्ति की गई है। बहादुरपुर थाना, सुल्तानगंज, गायघाट, दिनकर गोलंबर, डाक बंगला, सगुना मोड़, रामजानकी मंदिर, गोलापर और आईजीआईएमएस समेत प्रमुख स्थानों पर 24 घंटे दमकल वाहन उपलब्ध रहेंगे। इसके साथ ही घनी आबादी वाले इलाकों, झुग्गी-झोपड़ियों, लकड़ी के टालों और पटाखा बाजारों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। इन स्थानों पर मॉकड्रिल के जरिए लोगों को आग से बचाव और आपात स्थिति में उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी दी जा रही है। दीपावली और छठ पूजा के दौरान पर्चों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
आग लगने पर इन नंबरों पर करें फोन
अग्निशमन विभाग ने किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सूचना देने की अपील की है। आग लगने या अग्निशमन सहायता की जरूरत पड़ने पर लोग विभाग के टोल फ्री और आपातकालीन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
अग्निशमन हेल्पलाइन नंबर: 7485805821, 9031841732, 101 और 112
Highlights




















