Patna Traffic Alert: 7 बजे से बदल जाएगी शहर की यातायात व्यवस्था, जानें कौन-से रूट बंद और कौन-से खुले रहेंगे

Patna Traffic Alert: 10 अगस्त, 2026 को राजधानी पटना में होने वाली ‘तिरंगा यात्रा’ को देखते हुए, ज़िला प्रशासन ने ट्रैफ़िक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए हैं। JP गोलंबर से कारगिल चौक तक होने वाली इस पैदल यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। इसलिए, 10 अगस्त को सुबह 7:00 बजे से कार्यक्रम के खत्म होने तक कई मुख्य रास्तों पर आम ट्रैफ़िक की आवाजाही पर रोक रहेगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे कार्यक्रम के दौरान घर से निकलने से पहले तय किए गए वैकल्पिक रास्तों की जानकारी ले लें। ट्रैफ़िक सुचारू रूप से चलता रहे, इसके लिए निजी गाड़ियों, सामान ढोने वाली गाड़ियों, ऑटो-रिक्शा और ई-रिक्शा के लिए अलग-अलग रास्ते तय किए गए हैं।

फ्रेजर रोड समेत कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों की आवाजाही बंद

तिरंगा यात्रा के दौरान फ्रेजर रोड यानी मजहरुल हक पथ पर डाकबंगला चौराहा से गांधी मैदान स्थित चिल्ड्रन पार्क तक सामान्य वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। यह प्रतिबंध सुबह 7 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक लागू रहेगा। न्यू डाकबंगला रोड से एसपी वर्मा रोड की तरफ भी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। कोतवाली टी से पुलिस लाइन तक बुद्ध मार्ग में पूरब की ओर जाने वाले रास्तों पर भी सामान्य वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। छज्जूबाग और आसपास के इलाकों में भी वाहनों के लिए विशेष प्रतिबंध लगाए गए हैं। छज्जूबाग स्थित एसडीओ आवास से टीएन बनर्जी रोड यानी जेपी गोलंबर की तरफ और बुद्ध मार्ग में छज्जूबाग मोड़ से एसडीओ आवास की ओर वाहनों का प्रवेश नहीं होगा।

जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक पूरी तरह प्रतिबंध

तिरंगा यात्रा का मुख्य मार्ग जेपी गोलंबर से रामगुलाम चौक होते हुए कारगिल चौक तक रहेगा। इस पूरे मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। जेपी गंगा पथ पर आयुक्त कार्यालय के सामने नीचे स्थित गोलंबर से एएन सिन्हा इंस्टीट्यूट और गांधी मैदान की तरफ आने वाले फ्लैंक पर केवल तिरंगा यात्रा में शामिल होने वाले लोगों को आने की अनुमति होगी। सामान्य निजी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी तय किए गए हैं। पटना जंक्शन से डाकबंगला चौराहा होते हुए भट्टाचार्या चौक, पीरमुहानी और नाला रोड की तरफ वाहन जा सकेंगे। एक्जीबिशन रोड से आने वाले वाहनों को स्मार्ट बिग बाजार के सामने कटिंग से वापस भट्टाचार्या चौक की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

VVIP और VIP वाहनों के लिए अलग व्यवस्था

तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री के कारकेड के लिए फ्रेजर रोड में डाकबंगला चौक यानी कविगुरु रविंद्र चौक से जेपी गोलंबर स्थित मौर्या होटल मोड़ तक का मार्ग विशेष रूप से आरक्षित रहेगा। कार्यक्रम में आमंत्रित विशिष्ट लोगों के वाहन चालकों के लिए भी सुरक्षा संबंधी निर्देश जारी किए गए हैं। पार्किंग के बाद वाहन छोड़कर कहीं और नहीं जाने और सुरक्षा जांच के दौरान वाहन के आसपास मौजूद रहने को कहा गया है।

मालवाहक वाहनों और ऑटो-ई-रिक्शा के लिए बदला रूट

मालवाहक और व्यावसायिक वाहनों के लिए भी अलग यातायात योजना बनाई गई है। चिरैयाटांड़ दुर्गा मंदिर के ऊपर और नीचे से उत्तर की ओर गोरिया टोली तथा बेली रोड में डुमरा चौकी से भट्टाचार्या चौराहा तक मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। मीठापुर गोलंबर से बुद्ध मार्ग और आर ब्लॉक गोलंबर से आयकर गोलंबर की ओर भी मालवाहक वाहन नहीं जा सकेंगे। पुलिस लाइन तिराहा से व्यावसायिक वाहनों को गांधी मैदान या बुद्ध मार्ग की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें पश्चिम की ओर अशोक राजपथ में डायवर्ट किया जाएगा। ऑटो और ई-रिक्शा के लिए भी वैकल्पिक रूट तय किया गया है। पटना जंक्शन से गांधी मैदान आने वाले ऑटो डाकबंगला चौराहा से न्यू डाकबंगला रोड, भट्टाचार्या और एक्जीबिशन रोड होते हुए बिग बाजार के पास दक्षिणी कटिंग तक जाएंगे और वहां से वापस पटना जंक्शन लौटेंगे।

गांधी मैदान में प्रवेश और पार्किंग की विशेष व्यवस्था

तिरंगा यात्रा में शामिल होने वाले आम नागरिकों के लिए गांधी मैदान के गेट नंबर 1 और 13 से प्रवेश की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री के लिए गेट नंबर 12 आरक्षित रहेगा। कार्यक्रम में शामिल होने वाले वाहनों को गांधी मैदान के गेट नंबर 4 से प्रवेश कराया जाएगा। इसके बाद वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया जाएगा। प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था को लेकर जारी निर्देशों का उद्देश्य तिरंगा यात्रा के दौरान भीड़ और वाहनों के दबाव को नियंत्रित करना है। ऐसे में 10 अगस्त को पटना आने-जाने वाले लोगों के लिए जरूरी है कि वे निर्धारित डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों का ध्यान रखें।

Koderma Passenger Train Fire: कोडरमा जंक्शन पर पैसेंजर ट्रेन की अंतिम...

Koderma Passenger Train Fire: कोडरमा जंक्शन पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कोडरमा से हजारीबाग टाउन होते हुए बरकाकाना जाने वाली...

Gayaji Pitru Paksha Mela 2026: गयाजी में 17 दिवसीय पितृपक्ष मेले...

Gayaji Pitru Paksha Mela 2026: विश्व प्रसिद्ध 17 दिवसीय पितृपक्ष मेले की तैयारियां गयाजी और पुनपुन में पूरी कर ली गई हैं। 25 सितंबर...

Bihar Green Hydrogen Policy 2026: बिहार में ग्रीन हाइड्रोजन पॉलिसी-2026 का...

Bihar Green Hydrogen Policy 2026, पटना: बिहार सरकार ग्रीन हाइड्रोजन के क्षेत्र में कदम बढ़ाने की तैयारी कर रही है। राज्य में इस नई...