Patna : पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड (पीएससीएल) की महत्वाकांक्षी परियोजना ‘मौर्य मंडपम’ का उद्घाटन सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे। लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह परियोजना शहरवासियों को एक ही जगह पर व्यापार, मनोरंजन, स्वास्थ्य और सामाजिक गतिविधियों की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। यह केंद्र पर्यावरण-अनुकूल तकनीक और आधुनिक डिजाइन का बेहतरीन उदाहरण होगा।
मौर्य मंडपम को अत्याधुनिक लाइट गेज स्टॉल फ्रेमिंग तकनीक से तैयार किया गया है। मौर्यालोक ए ब्लॉक की छत पर 12 हजार वर्गफुट में मल्टीपर्पज और रूफटॉप बैंक्वेट हॉल बनाया गया है, जिसकी छत इंसुलेटेड है। इससे गर्मियों में हॉल का तापमान सामान्य से लगभग 10 डिग्री कम रहेगा। वहीं, दो स्क्रीन वाला मल्टीप्लेक्स और छह हजार वर्गफुट का फाइन डाइनिंग रेस्तरां शहरवासियों को मनोरंजन और स्वादिष्ट भोजन का अनुभव प्रदान करेगा।
1300 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे सीएम नीतीश कुमार
मौर्यालोक बी ब्लॉक की छत पर आठ हजार वर्गफुट में अत्याधुनिक जिम और योगा सेंटर बनाया गया है, जिससे फिटनेस प्रेमियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इसके साथ ही मौर्या टावर के छठे और सातवें तल पर 24 हजार वर्गफुट में व्यावसायिक कार्यालयों का निर्माण किया गया है, जो शहर के व्यावसायिक माहौल को नई दिशा देगा।
परियोजना के तहत स्वामी विवेकानंद पार्क का सौंदर्यीकरण, सड़कों का विकास और आधुनिक लाइटिंग की व्यवस्था भी की गई है, जिससे पूरे क्षेत्र की खूबसूरती बढ़ेगी। इसी दिन सीएम नीतीश कुमार 769.63 करोड़ रुपये की लागत से 33 जिलों में फैली 1300 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इनमें सड़क और नाला निर्माण, पार्कों का विकास, हाइमास्ट लाइट की स्थापना जैसी योजनाएं शामिल हैं।
पीएससीएल के एमडी अनिमेष कुमार पराशर के अनुसार, ये प्रयास पटना को स्मार्ट, टिकाऊ और बेहतर जीवन गुणवत्ता वाले शहर में बदलने की दिशा में एक बड़ा कदम हैं।
Highlights


