रांचीः राजधानी समेत राज्य के 7 जिलों में दो साल बाद प्ले स्कूल और प्राथमिक स्कूल कल से खुलेंगे. पासवा ने सभी स्कूल प्रबंधन और संचालकों से अपील की है कि, कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए सरकार द्वारा जारी सभी गाइडलाइन का सख्ती से पालन किया जाए. पासवा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे की अध्यक्षता में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक हुई जिसमे कई प्रस्ताव पारित किये गये.
प्राईवेट स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन,पासवा ने झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के 7 जिलों में दो साल बाद प्ले स्कूल और प्राथमिक स्कूल 7 मार्च से खोले जाने के मद्देनजर सभी स्कूल प्रबंधन और संचालकों यह अपील की है कि कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए सरकार द्वारा जारी सभी गाइडलाइन का सख्ती से पालन किया जाए। पासवा की राज्य इकाई ने संगठन के आग्रह पर राज्य सरकार द्वारा निजी स्कूलों को संबद्धता दिये जाने के मामले में जमीन की अनिवार्यता संबंधी शर्त्ताें में ढील दिये जाने के फैसले का भी स्वागत किया है।
पासवा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि रांची समेत सात जिलों में दो वर्ष बाद प्राथमिक स्कूल खुलने जा रहें हैं. स्कूलों को खोलने का फैसला स्वागत योग्य है. राज्य के सभी निजी स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि दो साल के बाद स्कूल आ रहे बच्चों का स्वागत गुलाब, टॉफी, पेंसिल, पेन देकर करेंगे. सोमवार को शिक्षकों और बच्चों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना है, सभी स्कूल संचालक एक कमरे में अस्थायी अस्पताल बनायेंगे ताकि कोई भी बच्चा अगर बीमार हुआ तो उन्हें फर्स्ट ऐड दिया जा सके. आलोक दुबे ने कहा कि कोरोना संक्रमण कम जरुर हुआ है लेकिन खतरा अभी टला नहीं है, इसलिए स्कूल प्रबंधन केंद्र सरकार, राज्य सरकार, आपदा प्रबंधन विभाग और शिक्षा विभाग द्वारा जारी सभी गाइडलाइन का सख्ती से पालन कराना सुनिश्चित कराएं.
रिपोर्ट- मदन




