रांची से न्यूज 22 के लिए करिश्मा सिन्हा की रिपोर्ट
रांची: झारखंड राज्य में राज्यसभा की कुल छह सीटें हैं और इनमें से दो सीटें 3 मई को खाली होने जा रही है.
बता दे कि कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू और भाजपा के राज्यसभा सांसद समीर उरांव का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है.
राज्यसभा की 2 सीटों पर चुनाव को लेकर राज्य में सियासी सरगर्मी काफी तेज हो गई है।
इसको लेकर कांग्रेस प्रवक्ता रियाज अहमद ने बात करते हुए कहा कि झारखंड में दो सीटों पर राज्यसभा चुनाव होने हैं और मतों के लिहाज से देखें तो एक सीट झामुमो या कांग्रेस तो दूसरी सीट भाजपा के पाले में जा सकती है.
क्योंकि झारखंड में एक सीट को जीतने के लिए पहली प्राथमिकता के 27 वोट की जरूरत होती है. वहीं कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा है कि राज्यसभा की एक सीट हमारी है और दावा भी कांग्रेस का ही बनता है.
और कांग्रेस पार्टी ही चुनाव लड़ेगी लेकिन आलाकमान इसपर निर्णय लेगा और जेएमएम , आरजेडी से आपसी सहमति बनाकर यह सीट कांग्रेस पार्टी ही लड़ेगी.
वहीं बीजेपी के नेता अशोक बड़ाइक का कहना है कि दो सीट राज्यसभा की खाली होने वाली है. एक बीजेपी के समीर उरांव और कांग्रेस के धीरज प्रसाद साहू.
बीजेपी के पास एक आंकड़ा है और एक सीट बीजेपी जीतेगी.पार्टी एक बार बैठक करेगी और विचार करेगी. बैठक के बाद ही पता चलेगा कि कौन प्रत्याशी रहेंगे लेकिन निश्चित तौर पर भाजपा एक सीट पर अच्छे से चुनाव लड़ेगी और जीत कर राज्यसभा जाएगी.
एनडीए पूरे तरीके से इंटैक्ट है और बीजेपी आजसू को मिला लिया जाए तो हम लोगों के पास एक आंकड़ा है जिससे हम लोग आराम से जीत सकते हैं.
कुल मिलाकर जेएमएम के विधायकों की कुल संख्या 29 है. वहीं अगर बीजेपी की बात करे तो बाबूलाल मरांडी को मिलाकर बीजेपी में कुल 26 विधायक हैं.
एनडीए में शामिल आजसू के तीन विधायकों का साथ मिलने से भाजपा के पास पहली प्राथमिकी के वोटों की संख्या 29 हो जाती है. इससे साफ है कि एक सीट झामुमो तो दूसरी सीट पर भाजपा की जीत तय है.
कांग्रेस के पास कुल 17 विधायक हैं. इस लिहाज से कांग्रेस का प्रत्याशी झामुमो के सहयोग के बिना नहीं जीत पाएगा. अब देखना है कि महागठबंधन के लिहाज से झामुमो और कांग्रेस में क्या समीकरण बनता है.



















