रांची : राजधानी रांची में आज 6 घंटे बिजली नहीं रहेगी. जिसके कारण 12 लाख लोग प्रभावित होंगे.
शनिवार सुबह 11 से शाम 5 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रहेगा.
दरअसल, दुर्गा पूजा की तैयारी को लेकर बिजली विभाग जुट गया है.
शहर के पूजा पंडाल व घरों में 24 घंटे बिजली देने के लिए विभाग शनिवार को कई क्षेत्रों में
मरम्मत का कार्य करेगा. इसके कारण विद्युत आपूर्ति ठप रहेगी.
6 घंटे बिजली: 33 केवी आपूर्ति लाइन की होगी मरम्मत
हटिया-1 ग्रिड में कई उपकरण बदले जाएंगे, जबकि कई उपकरणों की मरम्मत का कार्य किया जाएगा.
झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के रांची जोन के जीएम पीके श्रीवास्तव ने बताया कि
हटिया ग्रिड के 33 केवी आपूर्ति लाइन की मरम्मत होनी है. इसके लिए ग्रिड के 50 एमवीएफ के
चार में से दो बड़े पावर ट्रांसफार्मर नंबर 1 और 2 से सप्लाई पूरी तरह ठप रहेगी.
रूक-रूककर की जाएगी बिजली सप्लाई
उन्होंने कहा कि बेड़ो क्षेत्र में बिजली सप्लाई छह घंटे तक पूरी तरह बंद रहेगी.
जबकि हटिया ग्रिड से सप्लाई होने वाले क्षेत्रों में बिजली रूक-रूककर सप्लाई की जाएगी.
इसके अलावा राजभवन, रातू, ब्रांबे, टाटीसिल्वे, विधानसभा, हरमू, कांके, धुर्वा, सेल,
अरगोड़ा आदि क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति कटौती की जाएगी.
इन इलाकों में बिजली आती और जाती रहेगी. इस दौरान लो वोल्टेज की समस्या का भी संकट बन सकता है.
6 घंटे बिजली: नामकुम ग्रिड से होगी अन्य क्षेत्रो में विद्युत आपूर्ति
दुर्गा पूजा में 24 घंटे बिजली देने की तैयारी में शनिवार को बिजली विभाग द्वारा रांची में
6 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रखी जाएगी. वहीं विभाग ने बताया कि नामकुम ग्रिड, कांके सब स्टेशन से बिजली दूसरी लाइन से दूसरे जगहों पर सप्लाई की जाएगी. इसका असर नामकुम ग्रिड से आपूर्ति पर भी पड़ेगा.
हटिया ग्रिड से कुल 60 मेगावाट बिजली रांची के विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई की जाती है. वहीं हटिया डैम के कार्यपालक अभियंता सुरेश प्रसाद ने बताया कि बिजली 11 बजे से रांची जिले में काटी जाएगी.
इससे पहले वाटर सप्लाई घरों तक कर देंगे. इससे उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा. वहीं शाम को पानी की सप्लाई विलंब से की जाएगी.

















