रांची: दुर्गा पूजा के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को हटिया ग्रिड में मरम्मत कार्य किया गया। इसके कारण 33 केवी राजभवन, हरमू, रातू, ब्रांबे, टाटीसिलवे (तुपुदाना) और बेड़ो फीडर से सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक पावर कट की घोषणा की गई थी। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में बिजली कटौती 7 घंटे तक रही और बिजली शाम 6 बजे तक बहाल हो सकी।
झारखंड ऊर्जा संचरण निगम लिमिटेड (जेयूएसएनएल) ने सभी उपभोक्ताओं को इस असुविधा की जानकारी पहले ही दे दी थी। रविवार को भी हटिया और नामकुम ग्रिड में मरम्मत कार्य के चलते सुबह 11:15 से दोपहर 3:30 बजे तक बिजली बंद रहेगी। इसके चलते हटिया ग्रिड के तहत आने वाले 33 केवी कांके (पुंदाग), धुर्वा, रातू, बेड़ो, अरगोड़ा, आरएंडडी सेल और हाईकोर्ट फीडर की आपूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी।
इसी तरह, 33 केवी नामकुम ग्रिड में मरम्मत कार्य के कारण मेन रोड, खेलगांव, आरएमसीएच और नामकुम फीडर में भी बिजली आपूर्ति प्रभावित होगी। 33 केवी चुटिया, कुसई, विकास, कोकर रूरल और कोकर अर्बन फीडर की बिजली भी सुबह 11:15 से दोपहर 3:30 बजे तक बंद रहेगी।


















