झारखंड में 6.29 लाख अपात्र राशन कार्डधारकों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। अब तक 1.63 लाख कार्ड रद्द किए जा चुके हैं। रांची में सबसे अधिक अपात्र लाभुक हैं।
Ration Card Update रांची: झारखंड में सरकारी राशन योजना का गलत तरीके से लाभ उठा रहे 6.29 लाख से अधिक अपात्र लाभुकों के खिलाफ राज्य सरकार ने कार्रवाई तेज कर दी है। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत चल रहे जांच अभियान में अब तक करीब 1.63 लाख यानी 26 प्रतिशत अपात्र लाभुकों के राशन कार्ड रद्द किए जा चुके हैं। वहीं, 4.66 लाख से अधिक अपात्र लाभुकों पर कार्रवाई अभी लंबित है।सरकार ने सभी जिलों को 25 अगस्त तक कार्रवाई पूरी करने का निर्देश दिया है। वहीं, केंद्र सरकार ने 31 अगस्त तक अपात्र लाभुकों के नाम राशन कार्ड की सूची से हटाने की समय-सीमा तय की है। ऐसा नहीं होने पर राज्य के अनाज कोटे में कटौती या रोक की कार्रवाई हो सकती है।
Ration Card Update:रांची में सबसे ज्यादा अपात्र राशन कार्डधारक
केंद्र सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, झारखंड में कुल 6,29,973 अपात्र लाभुकों की पहचान की गई है। इनमें सबसे अधिक 93,198 अपात्र लाभुक रांची जिले में हैं।इसके बाद रामगढ़ में 73,567, धनबाद में 67,288 और पूर्वी सिंहभूम में 58,492 अपात्र लाभुक चिह्नित किए गए हैं। गिरिडीह में 53,996 और गोड्डा में 45,605 अपात्र लाभुकों की पहचान हुई है।जिलावार आंकड़ों के अनुसार बोकारो में 32,577, चतरा में 14,540, गढ़वा में 24,757, देवघर में 8,117, गुमला में 7,496, दुमका में 10,676, हजारीबाग में 23,884 और जामताड़ा में 24,119 अपात्र लाभुक हैं।
Key Highlights
झारखंड में 6.29 लाख से अधिक अपात्र राशन लाभुक चिह्नित
अब तक करीब 1.63 लाख अपात्र कार्ड किए जा चुके हैं रद्द
रांची में सबसे अधिक 93,198 अपात्र लाभुक
1.84 लाख आयकरदाता मुफ्त राशन लेते पाए गए
31 अगस्त तक नाम नहीं हटे तो राज्य के अनाज कोटे पर असर पड़ सकता है
Ration Card Update:सरकारी कर्मचारी से लेकर आयकरदाता तक शामिल
केंद्र सरकार की ओर से भेजी गई रिपोर्ट में अपात्र लाभुकों की श्रेणियों को लेकर भी चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, गरीब कल्याण योजना के तहत 1,272 सरकारी कर्मचारी, 1,84,810 आयकरदाता और 15,493 बड़े कारोबारी मुफ्त राशन का लाभ उठा रहे थे।इसके अलावा 13,087 कंपनियों के मालिक, 21,442 चारपहिया वाहन मालिक और 1,10,142 डुप्लीकेट राशन कार्डधारक भी अपात्र पाए गए हैं। छह महीने से अधिक समय से राशन नहीं उठाने वाले 1,77,751 लाभुकों को भी अपात्र की श्रेणी में रखा गया है।
Ration Card Update:डिजिटल सत्यापन से हटाए जा रहे अपात्र नाम
केंद्र सरकार की ओर से लागू एनएफएसए-2 व्यवस्था के तहत डिजिटल सत्यापन और विभिन्न सरकारी डाटाबेस के मिलान के जरिए अपात्र लाभुकों की पहचान की जा रही है। इसके बाद ऐसे नाम राशन कार्ड की सूची से हटाए जा रहे हैं।भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने राइटफुल टार्गेटिंग योजना के तहत झारखंड के 6,29,973 अपात्र लाभुकों के राशन कार्ड निरस्त करने का निर्देश दिया है। राज्य के खाद्य आपूर्ति विभाग के सचिव ने सभी जिला उपायुक्तों को 25 अगस्त तक कार्रवाई पूरी करने का निर्देश दिया है।


















