बड़कागांव के रॉबिन कुमार ने रचा इतिहास, JPSC में पाया 7वां रैंक, बनेंगे DSP

बड़कागांव : JPSC द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा 2021 का अंतिम परिणाम हाल ही में घोषित किया गया, जिसमें हजारीबाग जिले के बड़कागांव प्रखंड अंतर्गत गंगा दोहर गांव के रॉबिन कुमार ने पूरे झारखंड में सातवां स्थान प्राप्त कर अपने गांव, जिले और पूरे राज्य का नाम रोशन किया है। रॉबिन का चयन झारखंड पुलिस में डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) के पद पर हुआ है।

रॉबिन की इस बड़ी सफलता से उनके गांव और परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है। हजारीबाग में जहां वे किराए के एक छोटे से कमरे में रहकर पढ़ाई करते थे, वहां जश्न का माहौल है। वहीं, उनके गांव में माता-पिता भावुक हैं और बेटे के गांव लौटने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

कृषि कार्य से जुड़े हैं पिता, भाई हैं झारखंड पुलिस में

रॉबिन के पिता खेती-किसानी से जुड़े हैं और मां गृहिणी हैं। उनके बड़े भाई झारखंड पुलिस में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं और वे भी पिछले सात वर्षों से जेपीएससी की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि इस बार उनकी चयन सूची में जगह नहीं बन पाई। बावजूद इसके उन्होंने रॉबिन की इस उपलब्धि को पूरे गांव और परिवार के लिए प्रेरणादायक बताया।

संघर्ष से मिली सफलता

रॉबिन ने बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव में ही हुई थी। इसके बाद वे हजारीबाग आए और वहां के मारकम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से 12वीं और स्नातक की पढ़ाई पूरी की। वे कई वर्षों से सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। सातवीं जेपीएससी में उन्होंने पहले भी इंटरव्यू दिया था लेकिन चयन नहीं हुआ। इस बार उन्होंने सातवां रैंक हासिल कर अपने लक्ष्य को प्राप्त कर लिया।

छोटे से कमरे से बड़ा सपना

रॉबिन का कहना है कि जयप्रभा नगर स्थित एक छोटे से लॉज के कमरे में रहकर उन्होंने लगातार पढ़ाई की। यहीं से उन्होंने परीक्षा दी और अब वहीं से उनका डीएसपी के रूप में चयन हुआ है। उन्होंने कहा कि यह सफलता सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि उनके माता-पिता, भाई और पूरे गांव की मेहनत और आशीर्वाद का परिणाम है।


Saffrn

Trending News

Corrugated Boxes Supplier in Jharkhand & West Bengal | Aarisha Packaging Solutions

Social Media

167,000FansLike
28,100FollowersFollow
628FollowersFollow
685,000SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img