Salute Democracy : ओडिशा के शपथ ग्रहण में दिखी लोकतंत्र की खूबसूरती, भाजपाई दिग्गजों ने की पूर्व सीएम नवीन पटनायक की अगुवाई

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान लोकतंत्र की खूबसूरती तब दिखी, जब पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का स्वागत भाजपा के तमाम दिग्गज नेताओं ने किया।

डिजीटल डेस्क : Salute Democracyओडिशा के शपथ ग्रहण में दिखी लोकतंत्र की खूबसूरती, भाजपाई दिग्गजों ने की पूर्व सीएम नवीन पटनायक की अगुवाई। वाकई बुधवार को ओडिशा में लोकतंत्र की सबसे खूबसूरत तस्वीर लोगों को देखने को मिली। जो भी इसका साक्षी बना, उसे भारतीय लोकतंत्र पर गर्व हुआ। ओडिशा में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में मोहन चरण माझी ने शपथ ली। इस शपथ ग्रहण समारोह के दौरान लोकतंत्र की खूबसूरती तब दिखी, जब पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का स्वागत भाजपा के तमाम दिग्गज नेताओं ने किया।

नवीन पटनायक शपथ ग्रहण समारोह में मंच पर भाजपा नेताओं ने दी कुर्सी

ओडिशा में पहली बार भाजपा की सरकार बनी है। भाजपा के नव निर्वाचित मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने आज शपथ ली। ग्रहण कार्यक्रम में भाजपा के तमाम बड़े नेताओं समेत भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए। ओडिशा के सीएम के शपथ ग्रहण समारोह से लोकतंत्र की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर सामने आई, जब ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक मंच पर पहुंचे और भाजपा के दिग्गज नेताओं ने उनका स्वागत किया। यही नहीं, पटनायक को मंच पर भाजपा के नेताओं के बीच कुर्सी दी गई। इससे भी खास बात ये है कि नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पटनायक के घर जाकर उन्हें शपथ ग्रहण का न्योता दिया था।

नए सीएम मोहन माझी ने घर जाकर नवीन पटनायक को दिया था न्योता

भाजपा के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी शपथ ग्रहण से कुछ घंटे पहले ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से मिलने पहुंचे। वह पटनायक के आवास ‘नवीन निवास’ पर पहुंचे, जहां उन्होंने औपचारिक रूप से पूर्व मुख्यमंत्री को शपथ ग्रहण का निमंत्रण दिया। नवीन पटनायक ने भी माझी का न्योता स्वीकार किया और समारोह में पहुंच गए।

समारोह में भाजपा नेताओं ने किया पटनायक का स्वागत

बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक जब शपथ ग्रहण समारोह के मंच पर पहुंचे तो केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान उन्हें सबके पास लेकर गए। उनकी अगुवाई गृहमंत्री अमित शाह ने की। इसके बाद नितिन गडकरी और जेपी नड्डा ने उनका स्वागत किया। भाजपा के अन्य नेताओं योगी आदित्यनाथ, मोहन यादव और पुष्कर सिंह धामी ने भी उनसे नमस्कार किया। इसके बाद नवीन पटनायक को मंच पर कुर्सी दी गई। अमित शाह और धर्मेंद्र प्रधान के बीच में उन्हें सम्मान से बिठाया गया।

ओडिशा के सीएम के शपथ ग्रहण समारोह से लोकतंत्र की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर सामने आई, जब ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक मंच पर पहुंचे और भाजपा के दिग्गज नेताओं ने उनका स्वागत किया।
शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे नवीन पटनायक का स्वागत करते अमित शाह

गर्मजोशी से नवीन पटनायक से मिले पीएम नरेंद्र मोदी

थोड़ी देर बाद मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहुंचे। उन्होंने नवीन पटनायक के साथ मुस्कुराते हुए गर्मजोशी के साथ मुलाकात की। वह कुछ सेकेंड तक उनका हाथ पकड़े बातचीत करते दिखे। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक केमिस्ट्री साफ देखी गई। ये तस्वीर बताती है कि राजनीति में कोई दुश्मन नहीं होता और सभी नेताओं को उनसे यह सीखने की जरूरत है। समारोह में आदिवासी नेता और चार बार के विधायक मोहन चरण माझी ने बुधवार को ओडिशा के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। शपथग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री शामिल हुए। वरिष्ठ भाजपा नेता और पटनागढ़ से विधायक केवी सिंह देव तथा निमापारा विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधायक बनीं प्रभाती परिदा ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। पिछली विधानसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक रहे माझी हाल में हुए विधानसभा चुनाव में चौथी बार विधानसभा के लिए चुने गए। उन्होंने क्योंझर विधानसभा क्षेत्र से जीत दर्ज की।

ओडिशा में पहली बार बनी भाजपा की सरकार, तमाम केंद्रीय नेता पहुंचे

जनता मैदान में राज्यपाल रबघुबर दास ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। यह पहली बार है कि जब ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनी है। समारोह में मोदी के अलावा भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, भूपेन्द्र यादव, धर्मेंद्र प्रधान, जुएल ओराम, अश्विनी वैष्णव और अन्य शामिल हुए।

सियासी सफर शुरू करने से पहले फुटबॉलर रहे हैं मोहन चरण माझी

नए सीएम बने मोहन चरण माझी का जन्म 1972 में ओडिशा में हुआ था। उनके पिता का नाम गुनाराम माझी है। उनकी शादी डॉ. प्रियंका मरांडी से हुई है और उनके दो बेटे हैं। मोहन चरण माझी ने अपना सियासी करियर एक सरपंच के रूप में शुरू किया था। उन्होंने यह जिम्मेदारी 1997 से 2000 के बीच संभाली। 1997 में उन्हें भाजपा ओडिशा आदिवासी मोर्चा के सचिव की जिम्मेदारी मिली। इसके अलावा मोहन स्थानीय स्तर पर युबज्योति क्लब, रायकला के अध्यक्ष, बाबा धबलेश्वर महादेव मंदिर समिति, रायकला के सदस्य और भाजपा ओडिशा एसटी मोर्चा के महासचिव जैसे पदों पर भी रहे। वर्ष 2023 में माझी तब सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने 700 करोड़ रुपये के मिड डे मील घोटाले को उजागर करने के लिए अनूठे तरीके से विधानसभा में विरोध किया था। माझी ने तब एक कटोरी बिना पकी दाल स्पीकर की तरफ उछाल दी थी। हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में मोहन ने अपनी संपत्ति 1.97 करोड़ रुपये घोषित की थी। वह खुद को पेशे से किसान और समाजसेवक बताते हैं। शैक्षिक योग्यता की बात करें तो माझी स्नातक पेशेवर हैं। 1993 में सीएस कॉलेज चंपुआ से बीए किया है। इसके बाद मोहन ने 2011 में ढेंकनाल लॉ कॉलेज से एल.एल.बी. किया है। यात्रा और खेल का शौक रखने वाले मोहन रायकला, क्योंझर में राइजिंग स्टार क्लब के फुटबॉल खिलाड़ी रहे हैं।

Share with family and friends: