रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपनी स्क्रीनिंग कमेटी की टीम को सक्रिय कर दिया है। आज और कल रांची में होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में आगामी चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की जाएगी।
स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य प्रदेश अध्यक्ष, विधायक दल के नेता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, झारखंड से आने वाले राष्ट्रीय पदाधिकारी, वर्तमान और पूर्व सांसदों, विधायक दल के उपनेता, मंत्रियों और पूर्व मंत्रियों से मुलाकात करेंगे।
संगठन के अध्यक्षों से बातचीत के बाद, कल कांग्रेस भवन में जिला अध्यक्षों, विभिन्न विभागों के अध्यक्षों, निगम के अध्यक्षों और विधानसभा चुनाव में भाग लेने के इच्छुक उम्मीदवारों के साथ भी बैठक की जाएगी। इस बैठक के दौरान, समिति सभी विधानसभा क्षेत्रों के राजनीतिक, सामाजिक और भौगोलिक परिस्थितियों का विश्लेषण करेगी।
समिति के सदस्य इस विस्तृत समीक्षा के आधार पर सक्षम उम्मीदवारों की सूची तैयार करेंगे, जो कांग्रेस के चुनावी अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस प्रक्रिया के बाद, पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की अंतिम सूची की घोषणा करेगी।


















