रांची: जेएससीए स्टेडियम रांची में 23 से 27 फरवरी तक भारत व इंग्लैंड के बीच होने वाले टेस्ट मैच को रद्द कराने के लिए सिख फॉर जस्टिस ने धमकी दी है।
इस धमकी के बाद रांची पुलिस ने जेएससीए स्टेडियम व उसके आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। करीब 1500 सुरक्षा बलों की तैनाती सिर्फ स्टेडियम व उसके आसपास के इलाकों में की गई है।
वहीं खिलाड़ी जिस होटल में रुके हुए हैं, वहां की भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। खिलाड़ियों को होटल से स्टेडियम तक लाने और ले जाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल लगाए गए हैं। उनकी बस को एस्कॉर्ट कर पुलिस स्टेडियम तक ले जा रही है, फिर स्टेडियम से वापस होटल ला रही है।
उल्लेखनीय है कि सिख फॉर जस्टिस का गुरपतवंत पन्नू पंजाब ने यू-ट्यूब पर वीडियो के माध्यम से इस मैच को रद्द कराने के लिए भारत में प्रतिबंधित संगठन सीपीआई माओवादियों से आह्वान किया था।
उसने यह भी आह्वान किया था कि झारखंड व पंजाब में बवंडर पैदा करो तथा भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा व इंग्लैंड टीम के कप्तान बेन स्टॉक को मैच नहीं खेलने दो।
उसने इंग्लैंड टीम को वापस इंग्लैंड जाने के लिए धमकाया है। इस मामले में धुर्वा थाने के दारोगा मदन कुमार महतो के बयान पर धुर्वा थाने में 19 फरवरी को प्राथमिकी दर्ज की गई थी।


















