Ranchi : शहर के प्रतिष्ठित संत जेवियर्स कॉलेज में रविवार को एक भावनात्मक और उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला, जब कॉलेज के 1994-96 और 1996-99 बैच के पूर्ववर्ती छात्र-छात्राएं 25 वर्षों बाद रीयूनियन कार्यक्रम में जुटे। इस खास अवसर पर पूर्व छात्र अपने पूरे परिवार के साथ शामिल हुए और कॉलेज के दिनों की यादों को साझा किया।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक स्वागत गीत और दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद पूर्व छात्रों ने मंच पर आकर अपने अनुभव और कॉलेज के दिनों की यादों को साझा किया। किसी ने कैंटीन की चाय को याद किया, तो किसी ने क्लास बंक कर दोस्ती निभाने की बात कही। कॉलेज परिसर एक बार फिर युवा ऊर्जा से भर उठा जब 25 साल पुराने दोस्त एक-दूसरे से गले मिले और कॉलेज के गलियारों में फिर से ठहाके गूंजने लगे।
St. Xavier’s College Ranchi : पुरानी यादों को सभी ने किया साझा
पूर्ववर्ती छात्रों ने कॉलेज के शिक्षकों और प्रबंधन का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने न सिर्फ शिक्षा दी, बल्कि जीवन के कठिन रास्तों पर चलने की दिशा भी दिखाई। कई छात्रों ने कहा कि यह रीयूनियन सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि भावनाओं से भरी पुनर्मुलाकात थी, जिसने उन्हें फिर से कॉलेज के स्वर्णिम दिनों में लौटा दिया।

कार्यक्रम में संगीत, नृत्य, यादों से जुड़ी फोटो प्रदर्शनी और सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया। समापन समारोह में सभी पूर्व छात्रों ने संकल्प लिया कि वे कॉलेज के साथ अपना जुड़ाव यूं ही बनाए रखेंगे और आगे आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शन करते रहेंगे।


















