झारखंड में आसमानी आफत: वज्रपात से छह की मौत, बारिश-तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी

रांची: झारखंड में मौसम का कहर लगातार जारी है। बुधवार को राज्य के गुमला, हजारीबाग और गिरिडीह जिलों में वज्रपात की घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। इसके अलावा हजारीबाग जिले के केरेडारी प्रखंड में तीन लोग नदी में बह गए, जिनकी तलाश जारी है।

गुमला के सिसई थाना क्षेत्र में हरखमैन झोरा और उनकी पत्नी सुको देवी दक्षिणी कोयल नदी में मछली पकड़ रहे थे, तभी अचानक वज्रपात हुआ और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, वहां मौजूद तीन अन्य लोग घायल हो गए। हजारीबाग के केरेडारी में वज्रपात से राजा साव और संजय भुइयां की जान चली गई।

गिरिडीह में दरजिया खातून (16) और चार माह की बच्ची की मौत हो गई, जबकि सोनिया देवी, फातमा खातून और निशु देवी घायल हो गईं। गढ़वा के कल्याणपुर गांव में पेड़ के नीचे खेल रही पांच बच्चियां वज्रपात की चपेट में आ गईं, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। लातेहार के हेरहर थाना क्षेत्र में परहिया टोला में भी वज्रपात से एक महिला और एक बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई हैं। वहीं, केरेडारी के मनातू में भी दो लोग घायल हैं।

हजारीबाग के कंडाबेर के पास खावा नदी में अचानक पानी बढ़ जाने से प्रमोद साव (45), उमेश कुमार (25) और नौशाद अंसारी (25) बह गए हैं। तीनों की खोजबीन जारी है।

ऑरेंज अलर्ट जारी, 27 मई तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने झारखंड के कई जिलों में 22 मई को तेज हवा, बारिश और वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग और खूंटी जिलों में दोपहर बाद मौसम का मिजाज बिगड़ने की संभावना है। इस दौरान हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है।

23 मई को भी 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और वज्रपात की चेतावनी है। 25 मई को मध्यम दर्जे की बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है, जबकि 26-27 मई को राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। राजधानी रांची में 27 मई तक लगातार बारिश होने का अनुमान है। बीते 24 घंटे में सबसे अधिक तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस डालटनगंज में दर्ज किया गया।

7 जून को झारखंड में मानसून की दस्तक संभव
वज्रपात और मौसम के कहर के बीच राहत की खबर भी है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि इस वर्ष झारखंड में मानसून सामान्य से बेहतर रहने की संभावना है। केरल में मानसून 25 से 27 मई के बीच पहुंचेगा और झारखंड में 7 जून को इसके प्रवेश की संभावना है। इसके एक सप्ताह के भीतर पूरे राज्य में मानसून सक्रिय हो जाएगा।


Share: Facebook X WhatsApp