रांची: लोअर बाजार थाना क्षेत्र से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सदर अस्पताल परिसर से नवजात शिशु के अपहरण की कोशिश करने वाली 50 वर्षीय महिला सुल्ताना खातून को पुलिस ने गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
सुल्ताना खातून कांटाटोली स्थित कुरैशी मोहल्ला सुल्तान लेन की निवासी है और पूर्व में सहिया के रूप में काम कर चुकी है। बताया जा रहा है कि दो वर्ष पूर्व उसे सहिया के पद से हटा दिया गया था, लेकिन अस्पताल की जानकारी पहले से होने के कारण वह परिसर में सक्रियता से घूम रही थी।
पूछताछ में आरोपी महिला ने दावा किया कि वह नवजात को नर्स के कहने पर अल्ट्रासाउंड के लिए ले जा रही थी। हालांकि पुलिस को संदेह है कि महिला नवजात को बेचने की नीयत से ले जा रही थी, क्योंकि उसके पहले से कई बच्चे हैं और उसके व्यवहार पर सवाल उठे हैं।
घटना 17 मई की सुबह की है, जब बुढ़मू थाना क्षेत्र के हेसलपीढ़ी निवासी निरसी देवी ने सदर अस्पताल में एक शिशु को जन्म दिया था। उसी शाम करीब सात बजे एक अजनबी महिला (आरोपी सुल्ताना) उनके पास आई और बताया कि उनका पति नशे की हालत में अस्पताल के बाहर गिरा हुआ है। इस पर निरसी देवी नवजात को लेकर महिला के साथ बाहर निकली और ऑटो में बैठ गई। थोड़ी ही दूरी पर सुल्ताना खातून ने उनके बच्चे को छीन लिया और 10 हजार रुपये देने की कोशिश की। इंकार करने पर वह महिला बच्चे को लौटाकर हंगामा करते हुए भाग निकली।
घटना की जानकारी निरसी देवी ने परिजनों व अस्पतालकर्मियों को दी, परंतु पुलिस को तत्काल सूचना नहीं दी गई। 19 मई को जब आरोपी महिला पुनः अस्पताल परिसर में देखी गई, तो लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
इस घटना के बाद अस्पताल प्रशासन की सतर्कता पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी महिला से पूछताछ जारी है।


















