पटना : नीतीश सरकार को घेरने के लिए राजद जनवरी या फरवरी के महीने में पटना के गांधी मैदान में रैला का आयोजन करेगी. पार्टी नेता तेजस्वी यादव ने इसकी घोषणा की है. उन्होनें कहा कि बेरोजगारी मुख्य मुद्दा होगा. हालांकि तेजस्वी ने अभी तारीख का ऐलान नहीं किया है. तेजस्वी ने कहा कि उपचुनाव खत्म होने के बाद इस बारे में विस्तार से चर्चा होगी. तेजस्वी ने नीतीश सरकार पर एक बार फिर से कई सवाल उठाए. उन्होनें पूछा कि 19 लाख रोजगार का क्या हुआ. नीतीश कुमार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए तेजस्वी ने कहा कि अपना अधिकार मांगने वाले लोगों को जेल में बंद किया जा रहा है.

तेजस्वी ने नीतीश कुमार पर इमोशनल कार्ड खेलने का आरोप भी आरोप लगाया. उन्होने कहा कि जब-जब उन्हें सामने अपनी हार दिखती है, आम जनता को इमोशनल ब्लैकमेल करने लगते हैं. दरअसल बिहार में दो सीटों पर हो रहे उपचुनाव में तेजस्वी यादव की सभाओं में जिस तरह से लोगों की भीड़ उमड़ रही है उससे वो काफी उत्साहित हैं, और इस माहौल को पूरी तरह से कैश करना चाहते है. दो सीटों पर होने वाले उपचुनावों का परिणाम कई मायनों में अहम माना जा रहा है. ये माना जा रहा है कि ये परिणाम आने वाले दिनों में बिहार की सियासत की दिशा बदल सकता है.


















