तेजस्वी यादव ने जहानाबाद से बिहार अधिकार यात्रा की शुरुआत, सरकार पर साधा निशाना
जहानाबाद : बिहार में विपक्ष के नेता व पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने आज यानी 16 सितंबर से जहानाबाद से बिहार अधिकार यात्रा की शुरुआत की। पटना से जहानाबाद पहुंचे तेजस्वी ने कहा कि महागठबंधन में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर कोई कन्फ्यूजन नहीं है। जनता चाहती है कि भाजपा और नीतीश कुमार को सत्ता से हटाया जाए। इसलिए सभी को साथ रखा गया है।

घुसपैठियों के बहाने तेजस्वी ने PM मोदी पर दागा सवाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि घुसपैठियों को बाहर भगाने से किसने आपको रोका है। आप तो 11 साल से सत्ता में हैं। सिर्फ भाषण देने से काम नहीं चलता। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के चहेते बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मंत्री जीवेश मिश्रा पत्रकारों को गाली दे रहे हैं और मारपीट करवा रहे हैं।
तेजस्वी का मुख्यमंत्री पर आरोप, कहा- नकलची है बिहार सरकार
जहानाबाद की सभा में तेजस्वी यादव ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि अगर हमारी सरकार बनेगी तो भ्रष्टाचार मुक्त और अपराध मुक्त सरकार बनेगी। जो भी गड़बड़ी करेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने मौजूदा सरकार को नकलची सरकार बताते हुए कहा कि हमने पेंशन बढ़ाने की बात की तो सरकार ने भी वहीं किया। हमने ‘माई-बहन योजना’ का जिक्र किया तो इन्होंने भी महिलाओं के लिए योजना का ऐलान कर दिया।
यह भी देखें :
रास्ते में समर्थकों का किया अभिवादन, मौजूदा सरकार को उखाड़ फेंकने की अपील की
जहानाबाद यात्रा के दौरान तेजस्वी यादव को समर्थक उनकी एक झलक पाने के लिए खड़े दिखे। तेजस्वी ने बस के अंदर से लोगों का अभिवादन किया और मौजूदा सरकार को बदलने की अपील की।
11 जिलों से गुजर कर 20 सितंबर को वैशाली में समाप्त होगी यात्रा
गौरतलब हो कि जहानाबाद में आयोजित सभा के बाद तेजस्वी यादव की यात्रा नालंदा, इस्लामपुर, हिलसा और फतुहा होते हुए पटना पहुंचेगी। यह यात्रा 11 जिलों से होकर गुजरेगी और 20 सितंबर को वैशाली में समाप्त होगी।
यह भी पढ़े : ‘बिहार अधिकार यात्रा’ पर निकले तेजस्वी, 11 जिलों में अकेले करेंगे अभियान
मुजफ्फर ईमाम की रिपोर्ट
Highlights


