महाकुंभ में श्रद्धालुओं के सैलाब के बीच राष्ट्रपति से पहले उत्तराखंड के CM ने सपरिवार संगम में लगाई डुबकी

प्रयागराज : महाकुंभ में श्रद्धालुओं के सैलाब के बीच राष्ट्रपति से पहले उत्तराखंड के CM ने सपरिवार संगम में लगाई डुबकी। महाकुंभ 2025 के लिए यहां माघी पूर्णिमा से पहले बीते दो दिनों से लगातार उमड़ रहे श्रद्धालुओं के सैलाब का क्रम में निरंतर तीसरे दिन सोमवार को भी बना हुआ है। इससे प्रयागराज में श्रद्धालुओं के सैलाब से महाजाम की स्थिति बनी है।

महाकुंभ में श्रद्धालुओं की आस्था के उमड़ते सैलाब के बीच आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संगम में पावन डुबकी लगाने को पहुंच रही हैं। राष्ट्रपति अक्षयवट एवं बड़े हनुमान मंदिर में भी पूजा-अर्चना करेंगी। उनकी यात्रा को लेकर प्रयागराज मेला प्राधिकरण, जिला पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

राष्ट्रपति से पहले सोमवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने परिवार के साथ त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाई।

महाकुंभ में अब तक 44 करोड़ श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी…

महाकुंभ के लिए प्रयागराज में संगम स्नान के लिए श्रद्धालु आगे बढ़ रहे हैं। आज सोमवार को भी सुबह तीन बजे से ही स्नान जारी है। वहीं प्रयागराज आने और जाने वाले रास्तों पर जाम की समस्या है। लोगों को मिनटों की दूरी घंटों में तय करनी पड़ रही है। मां गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पवित्र संगम में स्नान करने वालों का आंकड़ा दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है।

महाकुंभ के अभी 17 दिन शेष हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि स्नान करने वालों की संख्या 50 करोड़ पार कर जाएगी। महाकुंभ में आज 10 फरवरी 2025 को सुबह 8 बजे तक 46.19 लाख श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। इसी के साथ पौष पूर्णिमा से शुरू हुए महाकुंभ 2025 में अब तक संगम त्रिवेणी में पावन डुबकी लगाने वालों की संख्या 44 करोड़ के पार चली गई है।

संगम में सपरिवार डुबकी लगाते उत्तराखंड के सीएम
संगम में सपरिवार डुबकी लगाते उत्तराखंड के सीएम

यूपी सरकार और मेला प्रबंधन की ओर सोमवार की सुबह 8 बजे तक के जारी अपडेट के मुताबिक, अब तक कुल 44 करोड़ 3 लाख 19 हजार श्रद्धालु-तीर्थयात्री संगम त्रिवेणी में पावन डुबकी लगा चुके हैं। इसके अलावा संगम किनारे रेती पर कल्पवास में 10 लाख से अधिक श्रद्धालु लगातार विराजित हैं। सोमवार की सुबह भारी जाम के बीच भी संगम तट पर नए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 36.19 लाख के पार पहुंच गई।

अब तक के ब्योरे के मुताबिक, महाकुंभ में अब तक मौनी अमावस्या पर सर्वाधिक 8 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया था जबकि उससे पहले 3.5 करोड़ श्रद्धालुओं ने मकर संक्रांति पर अमृत स्नान किया था। बीते एक फरवरी और 30 जनवरी को 2-2 करोड़ से ज्यादा और पहले दिन पौष पूर्णिमा पर 1.7 करोड़ श्रद्धालुओं ने पुण्य डुबकी लगाई थी। इसके अलावा बीते बसंत पंचमी पर 2.57 करोड़ श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी में आस्था की डुबकी लगाई थी।

महाकुंभ में उमड़ा श्रद्धालुओं के सैलाब का दृश्य।
महाकुंभ में उमड़ा श्रद्धालुओं के सैलाब का दृश्य।

श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते 14 तक प्रयागराज स्टेशन बंद, ट्रेनों का संचालन जारी

महाकुंभ में मौनी अमावस्या की भीड़ अभी छंटी भी नहीं कि माघी स्नान के लिए श्रद्धालु आने लगे हैं। महाकुंभ भीड़ लगातार बढ़ रही है। श्रद्धालुओं की जबरदस्त भीड़ है। महाकुंभ में माघी पूर्णिमा के अमृत स्नान से पहले दो दिनों से श्रद्धालुओं – तीर्थयात्रियों के संगम स्नान के उमड़ने का क्रम इतना बढ़ गया है कि माघ मेला प्रशासन समेत सभी सहयोगी प्रबंधन-प्रशासन को आपात व्यवस्थाओं को लागू करना पड़ गया है।

संगम पहुंचने के सभी रास्तों में 10 से 15 किमी लंबा जाम लगा है। वाराणसी, लखनऊ, कानपुर और रीवा से प्रयागराज आने-जाने वाले रास्तों पर 25 किमी तक गाड़ियां रेंग रही हैं। आपात व्यवस्था को लागू करने के क्रम में श्रद्धालुओं के सुरक्षित संगम स्नान के साथ ही उनके सुरक्षित गंतव्य वापसी पर फोकस है। इसी क्रम में ट्रेनों के संचालन के प्रयागराज स्टेशन से बंद होने की खबरें उड़ी थीं लेकिन मेला प्रबंधन और प्रशासन ने अफवाहों पर ध्यान न देने को कहा।

प्रयागराज में स्टेशन के बंद होने का नोटिफिकेशन हुआ चस्पा।
प्रयागराज में स्टेशन के बंद होने का नोटिफिकेशन हुआ चस्पा।

मेला प्रबंधन ने बताया कि आपात व्यवस्था के तहत पूर्व निर्धारित कार्ययोजना को अमल लाया जा रहा है ताकि कहीं कोई अव्यवस्था ना हो एवं साथ में ही अव्यवस्था का कारक बनने वाले कारकों के निदान पर तत्काल एक्शन भी किया जा रहा है। फिलहाल प्रयागराज स्टेशन को आपात व्यवस्था के तहत बंद कर दिया लेकिन ट्रेनों का संचालन यथावत जारी है।

संगम में डुबकी लगाने जाने वालों और वहां से लौटने वाले श्रद्धालु भयंकर जाम में फंसे हैं लेकिन उनकी आस्था और श्रद्धा का जोश देखते ही बन रहा है। श्रद्धालुओं के उमड़े सैलाब से प्रयागराज शहर में ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई है। यहां से चलने वाली या यहां से होकर गुजरने वाली ट्रेनों से इतने लोग उतर रहे हैं कि भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया है।

हालात को देखते हुए दारागंज स्टेशन को पहले ही बंद कर दिया गया था, वहीं अब प्रयागराज संगम स्टेशन को भी तत्काल प्रभाव से बन्द कर दिया गया है। अब हालात सामान्य होने तक सिर्फ प्रयागराज स्टेशन को खोला जाएगा। इस संबंध में पूर्वोत्तर रेलवे ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। प्रयागराज जंक्शन पर भीड़ को मैनेज करने के लिए इमरजेंसी क्राउड मैनेजमेंट प्लान लागू किया गया। ​उत्तर रेलवे लखनऊ के ​वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी ने बताया, 14 फरवरी तक प्रयागराज संगम स्टेशन बंद रहेगा।

महाकुंभ में उमड़े श्रद्धालुओं के सैलाब से लगे जाम का नजारा।
महाकुंभ में उमड़े श्रद्धालुओं के सैलाब से लगे जाम का नजारा।

महाकुंभ में  श्रद्धालुओं के सैलाब के बीच जाम लगाने वालों पर एक्शन, हुई जुर्माना वसूली…

महाकुंभ में बीते दो दिनों से अचानक उमड़े श्रद्धालुओं के सैलाब के चलते भयंकर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी है। इसके चलते प्रयागराज में संगम को पहुंचने और वहां से निकलने वाले सभी प्रमुख कनेक्टिंग मार्गों पर लगातार ट्रैफिक पैक है और जाम ऐसा कि घंटे भर की दूरी तय करने में 5 से 8 घंटे तक लग रहे हैं।

इस भयंंकर जाम को हटाने के क्रम में पुलिस टीमों ने जाम के कारणों पर भी ध्यान दिया तो पता चला लगातार अनुरोध के बाद तय पार्किंग-प्लेस की बजाय जहां-तहां कुल 163 वाहनों के बेतरतीब पार्किंग भी भयंकर जाम की प्रमुख वजह बनी है। तत्काल इन 163 वाहनों पर एक्शन लेते हुए उनका चालान काटते हुए उन्हें मौके से हटवाने पर काम शुरू किया गया है।

महाकुंभ मेला क्षेत्र के लिए आने-जाने के लिए तय प्रमुख मार्गों पर पैक्ड जाम की वजह बने कई वाहनों को चिन्हित कर उन पर एक्शन लेने का काम लगातार जारी रखा गया है ताकि भीड़ के संचालन को सुगम बनाते हुए सभी के संगम स्नान को सुनिश्चित करते हुए सुरक्षित सकुशल को मुकम्मल किया जाए। सोमवार राष्ट्रपति के भी कार्यक्रम को देखते हुए पूरा मेला प्रबंधन अलर्ट मोड में है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, प्रयागराज में श्रद्धालुओं-तीर्थयात्रियों के आवागमन के रूट पर भयंकर जाम की वजह बने जहां-तहां बेतरतीब ढंग से पार्क हुए 163 वाहनों के मालिकों से 4.07 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया है। यह कार्रवाई आगे भी होती रहेगी ताकि श्रद्धालुओं को संगम तक जाने और उसके बाद गंतव्य तक पहुंचने में कोई कठिनाई न हो।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महाकुंभ में लगातार श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ रही है। वाहन चालकों से अपील की जा रही है कि वह अपने-अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर पार्क करें। इसके बाद भी वाहन स्वामी चालक नहीं मान रहे हैं। वह अपनी गाड़ियों को सड़क किनारे और दूसरे स्थानों पर खड़ी करके स्नान करने चले जा रहे हैं जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। जाम लगने की स्थिति में उन वाहनों को समय पर हटाने में काफी कठिनाई होती है।

Patna Flood Alert: खतरे के निशान से ऊपर पहुंची गंगा, पटना...

Patna Flood Alert: बिहार की राजधानी पटना में गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर ने प्रशासन और सरकार की चिंता बढ़ा दी है। कई...

Chas Gambling Den Raid : चास में जुआ अड्डे पर पुलिस...

Chas Gambling Den Raid: चास पुलिस ने जुआ के एक अड्डे पर छापेमारी कर 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से...

Koderma Oil Tanker Accident: कोडरमा घाटी में पलटा पाम ऑयल टैंकर,...

Koderma Oil Tanker Accident: कोडरमा घाटी के काली मंडा के निकट पाम ऑयल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर के सड़क...