9 ट्रैक्टर को आग के हवाले करने वाले अपराधी गिरफ्तार, बाल सुधार गृह से फरार होकर दे रहा था घटना को अंजाम

गिरफ्तार

हजारीबाग. बड़कागांव में 10 दिन के अंदर 9 ट्रैक्टर को आग के हवाले करने वाले 5 अपराधियों को हजारीबाग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने उनके पास से हथियार और घटना में प्रयोग किए गए मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल को भी बरामद किया है।

बड़कागांव में पांच आरोपी गिरफ्तार

दरअसल, हजारीबाग के बड़कागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत 13, 16, और 23 मई को कुल 9 ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया गया था। इस मामले में हजारीबाग पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें मास्टर माइंड गोपाल कुमार के अलावा अरुण कुमार, अशोक कुमार और सुनील कुमार शामिल हैं, जो बड़कागांव हरली थाना क्षेत्र के निवासी है, जबकि घटना में शामिल कुलदीप कुमार गोंदलपुरा बड़कागांव का रहने वाला है।

इनके पास से दो देशी कट्टा 4 जिन्दा कारतूस हस्तलिखित रंगदारी पर्चा, 7 मोबाइल एक मोटरसाइकिल समेत घटना में उपयोग में लाए गए कई सामान बरामद किए गए हैं। हजारीबार एसपी अरविंद कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना के उद्भेदन के लिए एसआईटी का गठन किया गया था। तकनीकी साक्ष्य की मदद से घटना का उद्भेदन किया गया। घटना के पीछे मूल रूप से 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने की योजना बताया जा रही है। लेकिन रंगदारी मांगने से पहले ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

इस घटना के मास्टर माइंड गौतम कुमार के बारे में हजारीबाग एसपी ने जानकारी देते हुए बताया कि कमकमदाग थाना में इसके खिलाफ मामला दर्ज है, जो बाल सुधार गृह से फरार चल रहा था। फरार होने के बाद किसी दूसरे जिले में जाकर कोयले का धंधा कर रहा था। वापस हजारीबाग में आकर अपना एक अलग गिरोह बनाने की फिराक में था और घटना को अंजाम देने की फिराक में था। लेकिन इससे पहले ही गिरफ्तार कर लिये गये।

शशांक शेखर की रिपोर्ट

Share with family and friends: