बेतिया : बेतिया के साथ कुछ अन्य जिला के नगर निकायों की जिम्मेदारी देकर नगर विकास एवं आवास विभाग ने पूर्णकालिक कार्यपालक अभियंता का पदस्थापन किया है। नवपदस्थापित कार्यपालक अभियंता धीरेंद्र कुमार और उनके अभियंत्रण टीम की बैठक महापौर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि पूर्णकालिक कार्यपालक अभियंता के पदस्थापन से बेतिया नगर निगम सहित जिला के शहरी निकायों में विकास की गति निःसंदेह तेज होगी। इससे पहले अन्य विभाग के कार्यपालक अभियंता और अन्य अभियांत्रिकी अधिकारीगण की प्रतिनियुक्ति कर के शहरी क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों का कार्यान्वयन हो रहा था।
बैठक में नगर निगम बोर्ड से स्वीकृति प्राप्त कुल 20 करोड़ से भी अधिक की स्वीकृत विकास योजनाओं को गति नहीं पकड़ पाने पर महापौर के द्वारा चिंता जताई गई। इसके साथ ही कार्यादेश जारी होने के महीनों बाद भी लंबित या अधूरी पड़ी विकास योजनाओं को भी गति देने को लेकर बैठक में कार्ययोजना बनाई है। महापौर सिकारिया ने कहा कि प्रत्येक माह में दो बार वे विभिन्न वार्डों में जारी करोड़ों के विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगी। इस प्रथम बैठक में एग्जीक्यूटिव इंजीनियर धीरेंद्र कुमार के साथ अस्सिटेंट इंजीनियर कृष्णा कुमार और कनीय अभियंता मनीष कुमार आदि शामिल रहे। जहां नगर निगम की दर्जन भर से भी अधिक बड़ी विकास योजनाओं को तत्काल प्रभाव से गति देने और निष्पादन कराने पर चर्चा की गई।
यह भी पढ़े : समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में नौ विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर किया गया सम्मानित
यह भी देखें :
दीपक कुमार की रिपोर्ट


















