बेरमोः पश्चिम बंगाल के कांकसा थाना क्षेत्र स्थित पानागढ़ रेल पार शारदा पाली कॉलोनी में शुक्रवार को एक ही परिवार के तीन सदस्यों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। इलाके में एक घर से तीन लोगों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुँची स्थानीय पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार हत्यारे ने घर के अंदर घुसकर घटना को अंजाम दिया है क्योंकि घर अंदर से बंद था आरोपी दीवार फांदकर घर के अंदर घुसा और ये हत्याएं की।
वृद्ध महिला बेटी के घर गई थी मेहमानी
मृतकों में एक 65 वर्षीय वृद्ध महिला सीता देवी, महिला की 21 वर्षीय विवाहित नतनी सिमरन देवी और 17 वर्षीय नाती सोनू कुमार शामिल है। सीता देवी बोकारो थर्मल राजा बाजार की रहने वाली है और डीवीसी का पेंशनधारी भी है। घटना के समय सभी एक ही घर में थे। घटना के बाद राजाबाजार सहित बोकारो थार्मल में शोक की लहर है।
मृतक वृद्ध महिला के पुत्र महाबीर शर्मा ने बताया कि उसकी विधवा माँ सीता देवी पश्चिम बंगाल में अपनी बेटी के घर मेहमानी गई हुई थी। जहाँ मेरी वृद्ध माँ सहित भगना सोनू कुमार एवं भगनी सिमरन की हत्या कर दी गई।
विवाहित भगनी सिमरन का विवाह एक वर्ष पहले ही हुआ था पर अभी तलाक को लेकर विवाद पश्चिम बंगाल न्यायालय में चल रहा है। उसके पति महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। परिवार के अनुसार सिमरन के पति के ऊपर ही हत्या करवाने का संदेह जताया जा रहा है।


















