Ranchi: राजधानी के डोरंडा कॉलेज में बुधवार दोपहर लगभग 1 बजे के आसपास कॉलेज परिसर के अंदर स्थित बाथरूम में अचानक जोरदार धमाका हुआ। तेज आवाज सुनते ही पूरे परिसर में अफरातफरी मच गई और छात्र-छात्राओं के बीच दहशत फैल गई।
जांच में सामने आया सुतली बम विस्फोट का मामलाः
घटना के बाद कॉलेज प्रशासन ने तुरंत स्थल का निरीक्षण किया। जांच में यह बात स्पष्ट हुई कि बाथरूम में सुतली बम का विस्फोट किया गया था। इस घटना में किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है। कॉलेज प्रबंधन ने मामले की लिखित सूचना डोरंडा थाना पुलिस को दे दी है। इसके बाद पुलिस टीम कॉलेज पहुंचकर जांच में जुट गई।
छात्रों के दो गुटों के विवाद से जोड़ा जा रहा मामलाः
सूत्रों के अनुसार, बीते कुछ दिनों से कॉलेज परिसर में दो छात्र गुटों के बीच तनाव चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि यह धमाका इसी विवाद का परिणाम हो सकता है। हालांकि, पुलिस अधिकारी सभी एंगल से जांच कर रहे हैं और कॉलेज CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
कॉलेज प्रशासन ने बढ़ाई सतर्कताः
घटना के बाद कॉलेज प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
छात्रों की एंट्री पर निगरानी
संदिग्ध लोगों से पूछताछ
परिसर की नियमित पेट्रोलिंग जैसी व्यवस्था लागू की गई है।
कॉलेज प्रशासन छात्रों से अपील कर रहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत जानकारी प्रबंधन को दें।
Highlights


