गोपालगंज : गोपालगंज जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव में शुक्रवार की सुबह एक हृदयविदारक हादसा हो गया। एक अनियंत्रित स्कूल बस गांव की झोपड़ी में जा घुसी, जिससे झोपड़ी में मौजूद दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृत बच्चों की पहचान जहीरूद्दीन के चार वर्षीय पुत्र और मुमताज के दो वर्षीय पुत्र के रूप में की गई है। घटना के समय झोपड़ी में मौजूद नूरजहां खातून गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कुचायकोट में भर्ती कराया गया जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
कटेया थाना क्षेत्र के जमुनहा स्थित एक निजी स्कूल की बस गांव का ही चालक अपने घर लेकर आया था
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटेया थाना क्षेत्र के जमुनहा स्थित एक निजी स्कूल की बस गांव का ही चालक अपने घर लेकर आया था। बस को खड़ा कर चालक खाना खाने चला गया। इसी दौरान उसके बड़े भाई ने बस स्टार्ट कर दी। चालक की अनुपस्थिति में बस पर नियंत्रण नहीं रह सका और वह सीधे झोपड़ी में जा घुसी। झोपड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अंदर सो रहे दोनों मासूम बच्चों की दबकर मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची व हालात का जायजा लिया
घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है और लापरवाही को लेकर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़े : गोपालगंज सदर अस्पताल में एआरवी इंजेक्शन उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को हो रही है काफी परेशानी…
शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव की रिपोर्ट
Highlights


