रांचीः सहायक अध्यापकों के शिष्टमंडल ने मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि विनय कुमार चौबे से मुलाकात की. इस दौरान विनय कुमार चौबे ने शिष्टमंडल को वेतनमान के मुद्दे पर अगले सप्ताह मुख्यमंत्री जी से बात कराने का आश्वासन दिया. उन्होंने अनुकम्पा के प्रावधान को शिथिल करने, ईपीएफ लागू करने, सीटेट को जेटेट का लाभ देने, केस वापसी जल्द करने, आकलन 100 अंकों का करने आदि समस्याओं के जल्द निदान का भरोसा भी दिलाया.
वेतनमान मुद्दे पर पहल नहीं होने पर होगी आंदोलन की घोषणा
वहीं शिष्टमंडल वेतनमान के मुद्दे पर अड़ा रहा. शिष्टमंडल ने कहा कि यदि 30 जून तक मुख्यमंत्री ने वेतनमान के मुद्दे पर पहल नहीं कि तो 02 जुलाई को राज्य इकाई की बैठक कर उग्र आंदोलन और विरोध करेंगे. शिष्टमंडल में विनोद बिहारी महतो, संजय कुमार दुबे, हृषिकेश पाठक, दशरथ ठाकुर, प्रद्युम्न कुमार सिंह (सिंटू) सहित अन्य शामिल थे.
इसे भी पढ़ेंः मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव से सहायक अध्यापकों की होगी बातचीत,10 सदस्यीय टीम को आया बुलावा
मुख्यमंत्री आवास घेराव करने पहुंचे थे सहायक अध्यापकः
एकीकृत सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा के बैनर तले राज्य के सभी 24 जिलों से लगभग 15 हजार से अधिक सहायक अध्यापक मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम के तहत मोराबादी मैदान में जुटे. मोराबादी मैदान से जुलूस की शक्ल में मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़े सहायक अध्यापकों को थोड़ी दूर आगे हीं पुलिस प्रशासन ने रोक दिया था. जिसके बाद सहायक अध्यापकों ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया था. इस बीच मुख्यमंत्री ने बतौर प्रतिनिधि विनय कुमार चौबे को शिष्टमंडल से वार्ता के लिए अधिकृत किया. जिसके बाद विनय कुमार चौबे ने एकीकृत सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा के शिष्टमंडल से वार्ता की

















