मोतिहारी : मोतिहारी के तुरकौलिया थाना क्षेत्र के माधोपुर गोपाल चौक पर अज्ञात चोरों ने दो ज्वेलर्स दुकानों में सेंधमारी की। शुक्रवार की रात हुई इस घटना में करीब 21 लाख रुपए मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात चोरी हो गए। चोरी का पता शनिवार सुबह तब चला जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे। इस घटना से इलाके के व्यवसाइयों में दहशत और पुलिस के प्रति नाराजगी है।
चोरों ने माधोपुर गोपाल चौक स्थित इंडियन बैंक के नीचे संचालित ज्वेलर्स दुकान को निशाना बनाया
जानकारी के अनुसार, चोरों ने माधोपुर गोपाल चौक स्थित इंडियन बैंक के नीचे संचालित ज्वेलर्स दुकान को निशाना बनाया। दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने तिजोरी तोड़कर उसमें रखे करीब 16 लाख रुपए के सोना-चांदी के जेवरात चुरा लिए। यह दुकान शंकर सरैया कसवा टोला निवासी टुनटुन साह की है। टुनटुन साह ने बताया कि शुक्रवार शाम दुकान बंद कर वे घर चले गए थे।

शनिवार सुबह मकान मालिक शिव महतो ने उन्हें ताला टूटने की सूचना पुलिस को दी
शनिवार सुबह मकान मालिक शिव महतो ने उन्हें ताला टूटने की सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचने पर चोरी का पता चला। इसी चौक पर स्थित ध्रुव साह की एक अन्य ज्वेलर्स दुकान में भी सेंधमारी हुई। इस दुकान से करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोना और चांदी के जेवरात चोरी होने की खबर है। दुकानदार ध्रुव साह ने बताया कि उनकी दुकान में यह दूसरी बार चोरी हुई है। इससे पहले अक्टूबर 2025 में भी चोरी हुई थी, जिसका पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर पाई है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यवसाइयों में भारी आक्रोश है।

चौक पर बैंक और कई दुकानें होने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था अपर्याप्त है – व्यापारी
व्यवसाइयों का कहना है कि चौक पर बैंक और कई दुकानें होने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था अपर्याप्त है। उन्होंने रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है। सूचना मिलने के बाद तुरकौलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ दुकानदारों से पूछताछ कर रही है।
यह भी पढ़े : व्हाट्सएप ग्रुप कॉल से मानसिक उत्पीड़न का आरोप, मुंबई में युवक की मौत, परिजनों ने ससुराल पर लगाए गंभीर आरोप…
सोहराब आलम की रिपोर्ट
Highlights


