कोडरमाः रांची से खुलने के बाद वंदे भारत एक्सप्रेस का जगह-जगह भव्य स्वागत किया. वंदे भारत एक्सप्रेस के कोडरमा पहुंचने पर गाजे-बाजे के साथ स्वागत हुआ. रांची से वंदे भारत में सवार होकर आई केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी कोडरमा स्टेशन पर ट्रेन से उतरी और लोगों का अभिवादन किया. वहीं दूसरी तरफ कोडरमा से सैनिक स्कूल तिलैया के 50 कैडेट वंदे भारत एक्सप्रेस में गया तक का सफर करेंगे. ट्रेन में सफर कर रहे सैनिक स्कूल के कैडेटों ने इस ट्रेन को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस बताया और इसमें कोडरमा से गया तक का सफर कर रोमांचित और आनंदित हुए.
कैडेट्स ने कहा कि स्वदेशी तकनीक से बने इस ट्रेन में कई ऐसी सुविधाएं बहाल की गई है, जो दूसरे ट्रेनों में नहीं है. कैडेट्स ने कहा कि आज उद्घाटन के मौके पर इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनकर खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं. कैडेटों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह पहल बदलते भारत के बदलती तस्वीर बयां कर रही है.


