रांची. झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूजे) में शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के निरीक्षण दल द्वारा राजभाषा संबंधी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल ने संस्थान में राजभाषा हिंदी के कार्यान्वयन की समीक्षा की। उक्त दल ने संस्थान में राजभाषा कार्यान्वयन की सराहना की एवं और बेहतर रूप से कार्य करने हेतु सुझाव दिया।
संस्थान के कुलपति प्रो. क्षिति भूषण दास ने निरीक्षण दल को संस्थान में राजभाषा हिंदी से संबंधित हो रहे सराहनीय कार्यों एवं गतिविधियों के बारे में बताया। उन्होंने राजभाषा हिंदी के कार्यान्वयन में नवाचार को प्रोत्साहित किए जाने पर बल दिया एवं विश्वविद्यालय द्वारा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकतम प्रयोग की दिशा में निरंतर प्रयास करने की बात कही।
निरीक्षण दल ने संस्थान के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया एवं हिंदी को और अधिक प्रोत्साहित करने हेतु उचित मार्गदर्शन भी प्रदान किया। संस्थान के कुलसचिव के के राव ने भी निरीक्षण दल को राजभाषा हिंदी में हो रहे कार्यों से अवगत करायाl
संस्थान के हिंदी अधिकारी मधुरागी श्रीवास्तव ने बताया कि निरीक्षण दल में मंत्रालय की ओर से देवेन्द्र कुमार, सहायक निदेशक (राजभाषा), किशोर कुमार, वरिष्ठ अनुवाद अधिकारी एवं ज्ञानेंद्र कुमार, सहायक अनुभाग अधिकारी ने निरीक्षण किया। श्रीवास्तव ने निरीक्षण दल को पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से संस्थान में राजभाषा संबंधी उपलब्धियों एवं राजभाषा अधिनियम 1963 की धारा 3(3) एवं राजभाषा नियम 1976 के अनुपालन की जानकारी दी।
इस मौके पर बी बी मिश्रा, परीक्षा नियंत्रक, अब्दुल हलीम, उप कुलसचिव-I एवं ले. कमांडर (से. नि.) उज्ज्वल कुमार, उपकुलसचिव-II, नफीस अहमद खान, सहायक कुलसचिव एवं अजय कुमार, हिंदी टंकण अधिकारी भी उपस्थित रहें।


















