पूर्वी जमशेदपुर. विधानसभा चुनाव के पहल चरण की वोटिंग जारी है। सुबह 11 बजे तक पूर्वी जमशेदपुर में 28.34 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं पहले चरण में झारखंड में सुबह 11 बजे तक कुल 29.31 प्रतिशत वोटिंग हुई है।
पूर्वी जमशेदपुर में इनके बीच मुकाबला
पूर्वी जमशेदपुर विधानसभा सीट पर इस बार एनडीए की ओर से बीजेपी उम्मीदवार पूर्णिमा दास साहू और इंडिया गठबंधन की ओर से कांग्रेस उम्मीदवार डॉ. अजय कुमार के बीच मुकाबला देखने को मिल रहा है। पिछले विधानसभा चुनाव में इस सीट से सरयू राय को ने निर्दलीय जीत हासिल की थी। उस चुनाव में उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार और पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास को हराया था। हालांकि इस बार सरयू राय को एनडीए की ओर जदयू से टिकट दिया गया है। यहां शहरी क्षेत्र के मतदाता जिनका साथ देंगे, उनके जीतने की संभावना अधिक होगी।
पहले चरण में यहां-यहां हो रहा मतदान
बता दें कि, झारखंड में पहले चरण में 43 सीटों पर आज मतदान हो रहा है। इनमें कोडरमा, बरकट्ठा, बरही, बड़कागांव, हजारीबाग, सिमरिया, चतरा, बहरागोड़ा, घाटशिला, पोटका, जुगसलाई, जमशेदपुर पूर्वी, जमशेदपुर पश्चिमी, ईचागढ़, सरायकेला, चाईबासा, मझगांव, जगन्नाथपुर, मनोहरपुर, चक्रधरपुर, खरसांवा, तमाड़, तोरपा, खूंटी, रांची, हटिया, कांके, मांडर, सिसई, गुमला, विशुनपुर, सिमडेगा, कोलेबिरा, लोहरदगा, मनिका, लातेहार, पांकी, डालटेनगंज, विश्रामपुर, छतरपुर, हुसैनाबाद, गढ़वा, भवनाथपुर शामिल है।
झारखंड में दो चरण में विधानसभा चुनाव
बता दें कि, झारखंड में दो चरणों में विधानसभा चुनाव हो रहा है। पहले चरण में आज वोटिंग हो रही है, जबकि दूसरे चरण का मतदान 20 नवंबर को होगा। इस चुनाव का परिणाम 23 नवंबर को आएगा।


















