Ranchi Flyover Projects: राजधानी रांची की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए तीन बड़ी सड़क परियोजनाओं का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के समापन समारोह में इन परियोजनाओं समेत राज्य की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें करमटोली से साइंस सिटी तक फ्लाइओवर, हरमू से डिबडीह पुल तक अरगोड़ा चौक एलिवेटेड रोड एवं फ्लाइओवर और विवेकानंद स्कूल मोड़ से हाईकोर्ट व विधानसभा होते हुए रिंग रोड तक सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का काम शामिल है। इन परियोजनाओं से शहर के व्यस्त मार्गों पर जाम का दबाव कम होने और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
823 योजनाओं का शिलान्यास, सड़क परियोजनाओं पर 3,034 करोड़ खर्च होंगे
स्थापना दिवस पखवाड़े के समापन समारोह में कुल 823 योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इनमें पथ निर्माण विभाग की सबसे अधिक 62 योजनाएं शामिल हैं। इन पर 3,034.88 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। शहरी विकास एवं आवास विभाग की 24 योजनाओं पर 730.53 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इनमें धनबाद की टोपचांची झील का विकास, जमशेदपुर में इंटर स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) और कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स तथा साहिबगंज के बरहरवा में शहरी जलापूर्ति योजना शामिल है। वहीं, ग्रामीण कार्य विभाग की 148 योजनाओं पर 695.12 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इनमें मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना और पीएम-जनमन के कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं के जरिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की योजना है।
स्वास्थ्य सेवाओं के लिए AI आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म का प्रदर्शन
खेलगांव में आयोजित समारोह के दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM), झारखंड की ओर से स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए विकसित डिजिटल प्लेटफॉर्म प्रदर्शित किए गए। इनमें एनएचएम गुरुजी और एनएचएम मित्रम नाम के AI आधारित सिस्टम शामिल हैं। इनका विकास एनएचएम और पीरामल स्वास्थ्य के संयुक्त प्रयास से किया गया है। प्रदर्शनी के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह और एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा को इनकी कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। एनएचएम गुरुजी के माध्यम से अधिकारी अलग-अलग जिलों और वित्तीय वर्षों के आधार पर स्वास्थ्य योजनाओं पर हुए खर्च और उनकी प्रगति की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। वहीं, एनएचएम मित्रम के जरिए स्वास्थ्य संबंधी सूचनाओं तक पहुंच आसान बनाने का प्रयास किया गया है।
सहिया ऐप से ऑनलाइन होगी काम की रिपोर्टिंग
कार्यक्रम में एनएचएम झारखंड की ओर से सहिया ऐप भी प्रदर्शित किया गया। इस ऐप के माध्यम से सहियाएं अपने काम का विवरण और रिपोर्टिंग फॉर्म ऑनलाइन भर सकेंगी। उनके कार्यों के रिकॉर्ड के आधार पर भुगतान की प्रक्रिया भी ऐप के जरिए की जाएगी। मुख्यमंत्री को ऐप की उपयोगिता बताते हुए एक सहिया ने कहा कि पहले काम का ब्योरा रखने के लिए आठ अलग-अलग रजिस्टरों का इस्तेमाल करना पड़ता था। अब ऐप से रिपोर्टिंग आसान हो गई है और समय की बचत हो रही है।
सदर अस्पताल रांची को मिला सम्मान
समारोह में सदर अस्पताल, रांची को मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अस्पताल की ओर से सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद को सम्मान प्रदान किया। योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में अस्पताल के योगदान को देखते हुए यह सम्मान दिया गया। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश सिंह और रांची जिले की स्वास्थ्य टीम के सदस्य मौजूद रहे।
प्रदर्शनी में दिखा प्रस्तावित रिम्स-2 का 3डी मॉडल
खेलगांव में लगी प्रदर्शनी में प्रस्तावित रिम्स-2 का 3डी आर्किटेक्चर मास्टर प्लान मॉडल भी प्रदर्शित किया गया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री को मॉडल के माध्यम से परियोजना की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने इसके लेआउट और वास्तुशिल्पीय डिजाइन का अवलोकन किया। प्रस्तावित रिम्स-2 में अत्याधुनिक अस्पताल के साथ मेडिकल कॉलेज, साइंस सेंटर और रिसर्च सेंटर विकसित करने की योजना है। इसका उद्देश्य चिकित्सा शिक्षा, मरीजों के इलाज और चिकित्सा अनुसंधान की सुविधाओं का विस्तार करना है। इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक कल्पना सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, स्वास्थ्य सचिव अजय कुमार सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
▶ 22Scope के YouTube चैनल पर देखें ताज़ा वीडियो खबरें
Highlights


















