रांची: जेल आईजी उमाशंकर सिंह ने शुक्रवार को होटवार जेल के जेलर प्रमोद कुमार, चीफ वार्डन अवधेश कुमार सिंह और ऑपरेटर पवन कुमार को सस्पेंड कर दिया।
मंडल कारा गढ़वा के जेलर अजय कुमार को यहां का नया जेलर बनाया गया है। शराब घोटाले में गिरफ्तार योगेंद्र तिवारी के नाम पर जेल से फोन पर धमकी दिए जाने के मामले में यह कार्रवाई की गई है। जिन नंबरों से जेल से फोन किया गया था, उन नंबरों पर एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
मामला संज्ञान में आने पर जेल आईजी ने प्रभारी काराधीक्षक से पूरे मामले की आंतरिक जांच कराई थी। इसमें जेलर प्रमोद कुमार, चीफ वार्डन अवधेश कुमार सिंह और ऑपरेटर पवन कुमार की लापरवाही सामने आई थी।
इसके बाद आईजी ने प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए इन्हें सस्पेंड कर दिया। अब सभी आरोपियों पर विभागीय कार्यवाही भी चलेगी। प्रमोद का तबादला 21 नवंबर 2023 को सेंट्रल जेल गिरिडीह से रांची किया गया था।


















