डिजीटल डेस्क : महाराष्ट्र में 3 बजे तक पड़े 45.53 फीसदी वोट। बुधवार को झारखंड के अलावा महाराष्ट्र में भी विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। इसके लिए यहां सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन और विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए) के बीच ही अधिकांश सीटों पर सीधी लड़ाई है। कुछ सीटों पर लड़ाई त्रकोणीय भी है।
राज्य के सभी 288 विधानसभा सीटों पर शाम 6 बजे वोटिंग होनी है। चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक, अपराह्न 3 बजे तक महाराष्ट्र में 45.53 वोटिंग हुई है।
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली मे सबसे ज्यादा 62.99 फीसदी वोटिंग
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजे भी झारखंड विधानसभा के नतीजों वाले दिन ही यानी 23 नवंबर को आएगा। इन दोनों राज्यों के अलावा केरल के वायनाड और यूपी समेत अन्यत्र हो रहे विधानसभा चुनावों के लिए पड़े वोटों की गिनती 23 नवंबर को ही होनी है।
चुनाव आयोग की ओर से बुधवार अपराह्न जारी मत प्रतिशत के आंकड़े के अनुसार, महाराष्ट्र में अपराह्न 3 बजे तक 45.53 फीसदी मतदान हुआ है। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में सबसे ज्यादा 62.99 और सबसे कम ठाणे में 38.94 फीसदी मतदान हुआ है।

महाराष्ट्र के लोकतंत्र के महापर्व में प्रमुख शख्सियतों ने भी की भागीदारी, डाले वोट
बुधवार को महाराष्ट्र में हो रहे विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग में आम मतदाताओँ के साथ राज्य के अलग-अलग हिस्सों और राजधानी मुंबई में रहने वाले प्रमुख शख्सितों ने भी पोलिंग बूथों तक जाकर मतदान किया। महाराष्ट्र में हो रहे विधानसभा चुनाव में फिल्मी सितारे मतदान करने पहुंच रहे हैं।
गीतकार जावेद अख्तर, अभिनेत्री माधुरी दीक्षित, डिजाइनर मनीष मल्होत्रा, गायक राहुल वैद्य और उनकी पत्नी दिशा परमार, गायक शंकर महादेवन, निर्देशक रोहित शेट्टी, टि्ंवकल खन्ना, अर्जुन कपूर, ईशा कोप्पिकर, रणबीर कपूर ने मतदान किया।
दूसरी ओर, उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना के सांसद संजय राउत और उनके भाई सुनील राउत ने अपना वोट डाला। सुनील राउत शिवसेना यूबीटी के नेता और मुंबा देवी सीट से उम्मीदवार हैं।
उधऱ, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने बुधवार को अपने बेटे अमित के लिए वोट डाला जो मुंबई की माहिम विधानसभा सीट से पहली बार चुनावी मैदान में उतरे हैं। मनसे अध्यक्ष के साथ उनकी पत्नी शर्मिला और बेटी उर्वशी भी थीं।
अमित माहिम से चुनावी मैदान में उतरकर अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत कर रहे हैं। इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला है जहां से सत्तारूढ़ शिवसेना के सदा सरवणकर और शिवसेना (यूबीटी) उम्मीदवार महेश सावंत भी मैदान में हैं।

महाराष्ट्र के कम मतदान के रुझान पर राजनेताओं ने जताई चिंता, वोटरों से की मतदान की अपील…
महाराष्ट्र में बुधवार को हो रहे विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के दौरान वोटिंग प्रतिशत सुबह से ही कम दिखा है। मतदान के इस रुझान ने राजनेताओं को चिंता में डाल दिया है। महाराष्ट्र में मतदान की रफ्तार काफी धीमी रही।
चुनाव आयोग के आंकड़े के मुताबिक, दोपहर 1 बजे तक यहां सिर्फ 32.18 फीसदी मतदान हुआ है। सबसे ज्यादा गढ़चिरौली में 50.89 फीसदी मतदान हुआ। दूसरी तरफ वोटिंग में मुंबई सिटी काफी पीछे रहा। यहां अब तक 27.73 फीसदी वोटिंग हुई।
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने बाद में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पिछले पांच वर्षों में मत प्रतिशत कम रहा है और उन्होंने मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए घरों से निकलने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मतदान न करना कोई विकल्प नहीं हो सकता।
जब उनसे पूछा गया कि उन्हें अपने बेटे के लिए मतदान करके कैसा लगा, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि यह एक अच्छा (एहसास) था।
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा- ‘जितना मतदान होना चाहिए उस तरह से मतदान नहीं हो पा रहा है। राज्यों में मतदान कम हो रहा है जो अच्छी बात नहीं है। कम से कम 80 से 90 प्रतिशत तक मतदान होना चाहिए।
सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि 5 साल में एक बार चुनाव आता है आपको पूरे परिवार के साथ मतदान करना चाहिए। मैं चुनाव आयोग से आग्रह करना चाहता हूं कि 1000 लोगों के बूथ में काफी लंबी कतारें लगती हैं, उसे 500 मतदाताओं का बूथ बनाया जाए’।
दूसरी ओर, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे और शिवसेना नेता श्रीकांत शिंदे ने कहा, ‘बहुत अच्छा माहौल है। लोग बाहर निकलकर मतदान कर रहे हैं। जिस तरह विकास का काम हुआ है, जिस तरह योजनाएं लाई गई हैं। लोग उत्साहित हैं। लाड़की बहिन योजना का असर बहुत ज्यादा है’।


















