रांचीः बंगाल की खाड़ी पर बने चक्रवाती तूफान ‘गुलाब’ का असर झारखंड और बिहार में दिखना शुरु हो चुका है. अचानक के मौसम ने करवट लिया और झारखंड के जमशेदपूर, बोकारो, रांची सहित कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश की शुरुआत हो गई. चक्रवाती तूफान गुलाब को आंध्र प्रदेश और ओडिशा के दक्षिणी हिस्सों से टकराने की संभावना है.

चक्रवाती तूफान ‘गुलाब’ ओडिशा होते हुए आंध्र प्रदेश के कलिंगापट्टम की तरफ बढ़ रहा है. अगले 24 घंटों के भीतर यह तूफान आंध्र प्रदेश के तटवर्ती क्षेत्रों से टकरा सकता है. इस दौरान 75 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. ऐसी संभावना जतायी जा रही है कि बंगाल की खाड़ी के पश्चिम भाग स्थित झारखंड और बिहार में इसका भी दिखेगा, लेकिन इसकी तीव्रता कम होगी.
इस दौरान बिहार और झारखंड में काले बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने का अनुमान है. बंगाल की खाड़ी में गुलाब तूफान की सक्रियता के वजह से बिहार के उत्तर-पश्चिम और दक्षिण मध्य स्थित पूर्वी-पश्चिम चंपारण, सीवान, गोपालगंज, सारण, पटना, गया, बक्सर सहित 11 जिलों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने का अनुमान है. इस दौरान बिहार के अधिकांश हिस्से में आसमान पर काले बादल छाए रहेंगे.

















