धनबादः जिले में उत्पाद विभाग ने अवैध शराब निर्माताओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र के गुलुडीह में अवैध विदेशी शराब की मिनी फैक्ट्री का उद्वेदन करते हुए लगभग 15 लाख रुपए मूल्य के अवैध विदेशी शराब और शराब बनाने की सामग्री के साथ-साथ फर्जी कॉर्क, ढक्कन बोतल, झारखंड सरकार का स्टीकर सहित रैपर बरामद किए हैं. जब्त किए गए शराब में नामी गिरामी ब्रांड के डुप्लीकेट शराब शामिल है.
वहीं प्रभारी उत्पाद अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि अधिकारियों को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बलियापुर के गुलूडीह में सुनसान इलाके में बने एक घर में छापेमारी की गई. जहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, लेकिन वहां ऐसा प्रतीत हो रहा था कि लंबे समय से अवैध शराब की मिनी फैक्ट्री संचालित हो रही है.
उत्पाद विभाग की पुलिस ने उक्त स्थान से लगभग 15 लाख रुपये की अवैध शराब बनाने की सामग्री और पैकेजिंग की सामग्री जब्त की है. इस बात का पता लगाया जा रहा है कि किन लोगों के द्वारा वहां पर अवैध शराब का निर्माण एवं कारोबार किया जा रहा था.
रिपोर्टः राजकुमार जायसवाल


