पटना : राजधानी पटना के मिलर हाई स्कूल में आज यानी गुरुवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) भाजपा हटाओ देश बचाओ को लेकर महारैली कर रही है। इस महारैली में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव व राज्यसभा सांसद डी राजा भी शामिल हुए हैं। सीपीआई की रैली में इंडिया गठबंधन में शामिल जदयू पार्टी के नेता एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, मंत्री विजय कुमार चौधरी व जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा भी शामिल हुए। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता राम नरेश पांडे सहित कई नेता मौजूद हैं।
सीएम नीतीश कुमार ने मीडिया से बातचीत करते हुए इशारों ही इशारों में ही एक बड़ी बात कह दी है। सीपीआई की रैली में कहा नीतीश ने कहा कि हमलोग कांग्रेस को बढ़ाने का काम कर रहे हैं। नीतीश कुमार ने सीपीआई की रैली में कांग्रेस से नाराज दिखे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इंडिया गठबंधन पर ध्यान नहीं दे रही है। पांच राज्यों के चुनाव में व्यस्त है। नीतीश ने कहा कि पटना में और अन्य जगहों पर मीटिंग हुई थी और यह तय होकर आईएनडीआईए का गठन हुआ। अभी इसपर ज्यादा काम नहीं हो रहा है। बता दें कि इस रैली में महागठबंन में शामिल राजद पार्टी की ओर से डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह भी शामिल हो सकते हैं।
वहीं केंद्र की मोदी सरकार पर हमलावर होते हुए सीएम नीतीश ने कहा कि केंद्र सरकार में जो लोग हैं उन्हें आजादी से कोई लेना देना नहीं है। ये लोग राष्ट्रपिता बापू को भुलवाना चाहते हैं। इसलिए हमने सभी विपक्षी दलों को एकजुट होने का आह्वान किया। सबसे अनुरोध किया कि जो देश का इतिहास को बदलने में लगे हैं उनके खिलाफ एक हों। इसी के बाद पटना और अन्य जगहों पर बैठक हुई और इंडिया का गठन हुआ। लेकिन कांग्रेस का फिलहाल पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव पर ध्यान है। यही वजह है कि इंडिया की कोई गतिविधि फिलहाल नहीं हो रही है।
आफताब आलम की रिपोर्ट




