रांची: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 22 जनवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया। रांची जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची का भी अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है।
रांची में कुल 24,37,559 मतदाता हैं। इसमें 12,31,485 पुरुष और 12,06,003 महिलाएं, 71 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। मतदाताओं के लिए 2770 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।
मतलब लोकसभा का चुनाव इन्हीं केन्द्रों पर होगा। अंतिम सूची के अनुसार रांची में कुल 91808 नए मतदाताओं का नाम जुड़ा है। वहीं 68422 मतदाताओं के नाम कटे हैं। जबकि, 51414 युवाओं का नाम पहली बार मतदाता सूची में दर्ज हुआ है।
इनकी उम्र 18 से 19 वर्ष है। इस बार लोकसभा चुनाव में ये युवा वोटर पहली बार वोट देंगे। 50,436 मतदाताओं के नाम, पता में संशोधन किया गया है।
सात विधानसभा क्षेत्रों में सबसे अधिक 4,48,857 मतदाता हटिया विधानसभा क्षेत्र और सबसे कम 2,15,101 मतदाता तमाड़ विधानसभा क्षेत्र में हैं।
ये भी पढ़ें-श्रीराम प्राण प्रतिष्ठा की खुशी मातम में बदली, शादीशुदा युवती की हत्या से मची सनसनी और फिर….
डीसी राहुल कुमार सिन्हा ने सोमवार को आई एम रेडी टू वोट अभियान की शुरूआत की। उन्होंने मतदाता सूची में दर्ज अपने नाम के साथ सेल्फी ली।
उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे भी अपने वोटर कार्ड या मतदाता सूची के दस्तावेज के साथ सेल्फी लेकर उसे सोशल मीडिया पर शेयर करें।
ये भी पढ़ें-पीएम नरेंद्र मोदी ने भगवान राम की तस्वीर के सामने जलाए दीये
मतदाता सूची के अनुसार रांची जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में 18 से 19 वर्ष के कुल 51,414 युवाओं का नाम जोड़ा गया है। इसमें सबसे अधिक युवा मांडर विधानसभा क्षेत्र में और सबसे कम युवा रांची विधानसभा क्षेत्र में है।
जबकि, 20 से 29 आयु वर्ग में सबसे अधिक मतदाता कांके विधानसभा क्षेत्र में 1,28,952 है और सबसे कम 53,576 मतदाता रांची में हैं। रांची विधानसभा में सबसे अधिक बुजुर्गों की संख्या है।
90 से 99 आयु वर्ग में सबसे अधिक 1102 बुजुर्ग रांची विधानसभा में हैं, जबकि 100 से 109 आयु वर्ग में सबसे अधिक 123 बुजुर्ग भी रांची विधानसभा क्षेत्र में ही है।
इसी तरह 110 से 119 आयु वर्ग में भी सबसे अधिक 18 और 120 से अधिक आयु वर्ग में भी सबसे अधिक 7 बुजुर्ग रांची विधानसभा क्षेत्र में हैं।

















