रांची: राज्य के उत्कृष्ट विद्यालयों का प्राइमरी विंग खोला जायेगा, झारखंड शिक्षा परियोजना इसकी तैयारी कर रही है. विद्यालयों का प्राइमरी विंग उत्कृष्ट विद्यालय के निकटतम प्राथमिक विद्यालय को बनाया जायेगा.
इसकी लिस्ट भी तैयार कर ली गयी है. संचालन भी उत्कृष्ट विद्यालय के अंतर्गत किया जायेगा. राज्य में 80 उत्कृष्ट विद्यालय संचालित हैं. इनमें से चार विद्यालयों में कक्षा एक से 12वीं, 27 विद्यालयों में कक्षा नी से 12वीं, 48 विद्यालयों में कक्षा छह से 12वीं और एक विद्यालय में कक्षा एक से 10वीं तक की पढ़ाई होती है.
इस कारण इनमें नामांकन अलग-अलग कक्षाओं में लिया जाता है. ऐसे में जिन विद्यालयों में कक्षा नौवीं में नामांकन होता है, उन स्कूलों में कक्षा आठवीं तक हिंदी माध्यम से पढ़ाई कर आनेवाले विद्यार्थियों को अंग्रेजी में पढ़ाई करने व अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई कर आनेवाले विद्यार्थियों को हिंदी माध्यम में पढ़ाई करने में परेशानी होती है.
विद्यालयों को सीबीएसइ से मान्यता दिलायी गयी है. विद्यालयों में फिलाहाल हिंदी व अंग्रेजी दोनों माध्यम में पढ़ाई की सुविधा है. उत्कृष्ट विद्यालयों में पांच मैं से दो विषयों की पढ़ाई अंग्रेजी माध्यम में होती है.
विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से पूरी तरह से अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू होगी. इन स्कूलों में कक्षा एक से पढ़ाई कराने की बात कही गयी थी, अब इन विद्यालयों के प्राइमरी विंग की शुरुआत की जायेगी.



















