डिजीटल डेस्क : कांग्रेस ने पीएम मोदी पर बुधवार को हमला बोलते हुए उन्हें डरा हुआ बता दिया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को तिरुवनंतपुरम में कहा कि पिछले कुछ दिनों में उन्होंने 10-12 राज्यों का दौरा किया। उन राज्यों से कांग्रेस को काफी अच्छे रिस्पॉन्स मिल रहे हैं। उन राज्यों के मतादाओं के ज्यादा चर्चे नहीं हो रहे। पीएम मोदी उन ‘अदृश्य‘ मतदाताओं से डर रहे हैं और इसीलिए कांग्रेस पर अनाप-शनाप तोहमत लगाते हुए बयान दे रहे हैं। पीएम मोदी कहते हैं कि कांग्रेस अब कुछ नहीं है लेकिन अगर कांग्रेस कुछ नहीं है तो वो हमसे डरते क्यों हैं।
कांग्रेस का पीएम मोदी से सवाल – ‘भ्रष्ट नेताओं को अपनी पार्टी में क्यों ले रहे’
कांग्रेस नेता ने पीएम मोदी और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर आप लोकसभा चुनाव में जीत को लेकर इतने आश्वस्त हैं तो आप भ्रष्ट नेताओं को अपनी पार्टी में क्यों ले रहे हैं। पीएम मोदी कहते हैं कि हम भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं करते हैं लेकिन वो विधायक खरीदते हैं। जब तक वे नेता कांग्रेस या किसी दूसरे दल में होते हैं वो भ्रष्ट होते हैं और जैसी ही वो भाजपा में शामिल होते हैं उनके सारे दाग धुल जाते हैं। भाजपा में शामिल होते ही वही भ्रष्ट नेता पीएम मोदी के लिए भी भ्रष्टाचार से मुक्त हो जाते हैं, ऐसा क्यों।
कांग्रेस का पीएम मोदी पर घोषणापत्र विवाद पर पलटवार, राहुल ने खोला मोर्चा
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर घोषणापत्र विवाद पर निशाना साधते हुए कहा कि खुद को देशभक्त कहने वाले पीएम मोदी एक्स-रे से डरते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि मैंने बस ये कहा था कि एक्स-रे होना चाहिए तो सब खड़े हो गए और कह रहे हैं कि देश को तोड़ा जा रहा है। दरअसल, पीएम मोदी ने चुनावी रैली में कांग्रेस के घोषणापत्र पर निशाना साधते हुए कहा था कि वो कहते हैं वो देश का एक्स-रे करेंगे। कांग्रेस सत्ता में आई तो लोगों की संपत्ति जब्त करने और उनकी जीवन भर की बचत छीनने के लिए सर्वे कराएगी। कांग्रेस आपकी संपत्ति छीनने और इसे अपने लोगों में वितरित करने की साजिश रच रही है। पीएम मोदी ने कहा था कि जब उन्होंने उनकी राजनीति उजागर की तो वे इतने नाराज हो गए कि गालियां देने लगे। पीएम ने उसी क्रम में आगे कहा था कि कांग्रेस वाले सच्चाई से इतना डरते क्यों हैं।
कांग्रेस नेता बोले – ‘जातीय जनगणना नारा नहीं, जीवन का मिशन है’
पीएम मोदी के बयान पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पलटवार करते हुए कहा कि अगर देश में जाति नहीं है तो पीएम मोदी ओबीसी कैसे हैं। वो कहते हैं देश में दो ही जाति है- अमीर या गरीब। मैं कहता हूं कि अमीर व गरीब को बांट दीजिए तो गरीब की लिस्ट में आपको ओबीसी और एससी-एसटी मिलेंगे जबकि अमीर की लिस्ट में एक भी ओबीसी और एससी-एसटी नहीं मिलेंगे। राहुल गांधी ने आगे कहा कि जातीय जनगणना और सामाजिक न्याय मेरे लिए मुद्दा नहीं, जीवन का मिशन है। जातीय जनगणना को कोई शक्ति नहीं रोक सकती। पीएम मोदी दस सालों तक खुद को ओबीसी बताते रहे, लेकिन जब मैंने जातीय जनगणना की बात की तो बोले जाति नहीं है। कांग्रेस नेता ने कहा कि देश की राष्ट्रपति आदिवासी हैं, हेड ऑफ द स्टेट हैं लेकिन नई संसद का उद्घाटन करने की बारी आई तो उनको नहीं बुलाया गया। राम मंदिर के उद्घाटन में भी यही किया गया।


















