रांची: जेपीएससी द्वारा सिविल सेवा बैकलॉग मुख्य परीक्षा सात जून से नौ जून तक होगी. परीक्षा का आयोजन दो पालियों में होगी.पहली पाली सुबह 10 बजे से अपराह्न एक बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर दो बजे से अपराह्न पांच बजे तक होगी.
जेपीएससी की ओर से इस मामले में अधिसूचना जारी कर दी गई है. सात जून को प्रथम पाली में प्रथम पत्र व द्वितीय पाली में द्वितीय पत्र की परीक्षा होगी. इसी प्रकार आठ जून के प्रथम पाली में तृतीय पत्र तथा द्वितीय पाली में चतुर्थ पत्र तथा नौ जून के प्रथम पाली में पांचवां पत्र तथा द्वितीय पाली में छठे पत्र की परीक्षा होगी.
कुल 10 पदों के लिए 12 अप्रैल को जारी पीटी के परीक्षा परिणाम में 154 छात्रों को सफल घोषित किया गया था. परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी आयोग के वेबसाइट से एडमिट कार्ड तथा उपस्थिति पत्रक डाउनलोड कर सकते हैं.
मुख्य परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन में भाषा एवं साहित्य विषय के लिए चयनित विषय के आधार पर ही एडमिट कार्ड निर्गत किये जायेंगे.
छात्र आना रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि डाल कर एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते है. एडमिट कार्ड डाउनलोड होने में किसी प्रकार की परेशानी होने पर अभ्यर्थी अपना नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि एवं रजिस्ट्रेशन नंबर के साथ आवेदन पत्र छह जून 2024 तक कार्य अवधि में आयोग कार्यालय में जमा कर एडमिट कार्ड प्राप्त कर सकते हैं.
छात्रों को सभी परीक्षा में शामिल होना होगा. अभ्यर्थी परीक्षा आरंभ होने के 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचेंगे. परीक्षा रांची के विभिन्न केंद्रों पर होगी. परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गजेट्स, कागज, पर्ची, बैग, किताब, खाद्य सामग्री, अस्त्र- शस्त्र आदि लेकर प्रवेश नहीं करेंगे.


















