गढ़वा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के गढ़वा में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य में भाजपा-एनडीए सरकार के विकास एजेंडे को जनता के सामने रखा और विपक्षी दलों झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस, और राजद पर तीखे हमले किए। उन्होंने विकास की कई योजनाओं का जिक्र करते हुए झारखंड के उज्ज्वल भविष्य का वादा किया।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में जनता को “जोहार” और “राम-राम” भेजते हुए कहा कि केंद्र की योजनाओं को एनडीए की सरकार झारखंड में तेजी से लागू करेगी। उन्होंने बिरसा मुंडा की जयंती के राष्ट्रीय उत्सव के रूप में मनाने का ऐलान किया और आदिवासी समाज के योगदान को सम्मानित करने की बात कही। इसके साथ ही आदिवासी विरासत को संरक्षित करने के लिए देशभर में संग्रहालयों के निर्माण का वादा किया, जिनमें से एक संग्रहालय रांची में तैयार हो चुका है।
पीएम मोदी ने गढ़वा और झारखंड के अन्य जिलों में अधूरी पड़ी विकास परियोजनाओं पर चिंता जताई और कहा कि सोन कनहर सिंचाई परियोजना, चिंयाकी एयरपोर्ट, और पलामू-गढ़वा के सोलर पार्क जैसी योजनाओं में देरी राज्य सरकार की सुस्ती का परिणाम है। उन्होंने उत्तर कोयल परियोजना पर तेजी से काम शुरू करने की प्रतिबद्धता जताई और कहा कि एनडीए की सरकार बनते ही इन पर काम तेज़ी से आगे बढ़ेगा।
प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि झामुमो, कांग्रेस और राजद की तुष्टिकरण की राजनीति राज्य के लिए घातक सिद्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठ को रोकने के बजाय, राज्य सरकार इसे प्रोत्साहित कर रही है और राज्य की सांस्कृतिक पहचान पर आघात कर रही है। स्कूलों में सरस्वती वंदना पर रोक लगाने और त्यौहारों में हिंसा जैसी घटनाओं का उल्लेख कर पीएम मोदी ने राज्य की स्थिति को चिंताजनक बताया।
उन्होंने भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि राज्य में विकास कार्यों के लिए केंद्र से भेजा गया धन विपक्षी नेताओं की तिजोरी में भर गया है। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत भेजे गए 600 करोड़ रुपये, हर घर जल योजना और आवास योजना जैसी योजनाओं का धन राज्य के गरीबों तक नहीं पहुंचा, बल्कि भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। उन्होंने कहा कि राज्य के नेताओं के घरों से करोड़ों रुपये की बरामदगी दर्शाती है कि झारखंड में लूट-खसोट का माहौल है।
प्रधानमंत्री ने रोजगार और विकास को लेकर एनडीए की योजनाओं का ब्योरा दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में तीन लाख सरकारी पदों को पारदर्शी तरीके से भरा जाएगा और बेरोजगार युवाओं को भत्ता दिया जाएगा। इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने झारखंड के युवाओं के लिए रोजगार कार्यक्रमों और पीएम इंटर्नशिप योजना का जिक्र किया, जिसमें हर माह 5,000 रुपये का सहयोग दिया जाएगा।
सभा में प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से भाजपा के संकल्प पत्र पर जोर दिया, जो झारखंड में “रोटी, बेटी और माटी” के सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि पर केंद्रित है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर गैस सिलेंडर 500 रुपये में उपलब्ध कराया जाएगा और त्योहारों पर बहनों को दो मुफ्त सिलेंडर दिए जाएंगे।
अपने संबोधन के अंत में पीएम मोदी ने गढ़वा की जनता से अपील की कि वे परिवारवाद और भ्रष्टाचार के खिलाफ वोट करें और झारखंड को विकास के पथ पर ले जाने के लिए भाजपा-एनडीए को मौका दें। “रोटी-बेटी-माटी की पुकार, झारखंड में अबकी बार भाजपा-एनडीए सरकार,” के नारे के साथ उन्होंने अपने संबोधन का समापन किया और राज्य में एक बेहतर और समृद्ध भविष्य का वादा किया।


