पटना : बड़ी खबर राजधानी पटना से है जहां दीघा इलाके में संदिग्ध परिस्थितियों में दो लोगों की मौत होने से सनसनी फैल गई है। दीघा थाना क्षेत्र के गेट नंबर-93 में बांस कोठी इलाके की घटना है। जहरीली शराब से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। एक मृतक के पड़ोसी ने बताया कि कल सुबह से ही वह शराब पी रहा था और वह आदतन शराबी है। मौके पर पहुंची पुलिस का दावा है कि मृतकों के कमरे से शराब बरामद नहीं की गई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही मौत की गुत्थी सुलझाने का दावा करती नजर आ रही है। एफएसएल की टीम मामले की छानबीन में जुटी हुई है। टीम साक्ष्य जमा कर रही है। स्थानीय लोगों ने कहा कि इलाके में शराब बिकती है लेकिन पुलिस का कोई नियंत्रण नहीं है। डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर दिनेश कुमार पांडे ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है।
घटनास्थल से कई चीजें बरामद
मतृकों की पहचान विक्की उर्फ निक्की और महादेव के रूप में हुई है। विक्की वैशाली और महादेव सहरसा का रहने वाला है। घटनास्थल से पुलिस को सिगरेट और माचिस की तीलियां बरामद हुई हैं। वहीं इस मामले में शराब से मौत की चर्चा हो रही है। पड़ोसियों के मुताबिक यह दोनों हर दिन सुबह शाम शराब पीते थे। हालांकि इससे फिलहाल पुलिस ने इनकार कर दिया है। लॉ एंड ऑर्डर एसडीपीओ दिनेश कुमार पांडे घटनास्थल पहुंचे और जानकारी देते हुए बताया कि दोनों मृतक किराए के मकान में रहते थे। एक राजमिस्त्री था और एक गोलगप्पे बेचता था। एक शव के पास से चिलम और माचिस की तीलियां मिली हैं।
यह भी देखें :
मामले की जांच में जुटी पुलिस
वहीं दूसरे शव के पास से ताश के पत्ते, सिगरेट और माचिस की तीलियां मिली हैं। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से शराब के साक्ष्य अभी तक नहीं मिले हैं। वहीं कुछ लोगों को दोनों युवकों की मौत की जानकारी हो गई थी, लेकिन पुलिस को सूचना नहीं दी। इसकी भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है। एसीडीपीओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही क्लियर हो पाएगा की मौत का कारण क्या है।
यह भी पढ़े : Patna के बुद्ध मार्ग के अपार्टमेंट में लगी आग, मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियां
चंदन कुमार तिवारी की रिपोर्ट


















