रांची: मोरहाबादी क्षेत्र के रजिस्ट्री ऑफिस के पास ऑन-ड्यूटी एएसआई सत्य प्रकाश उपाध्याय के साथ चार युवकों ने मारपीट की। घटना 26 नवंबर की शाम करीब 5 बजे की है, जब एएसआई गश्ती पर थे।
एएसआई ने बताया कि रजिस्ट्री ऑफिस के पास सड़क पर खड़ी एक बाइक को देखकर उन्होंने युवकों से बाइक को किनारे करने को कहा। इस बात पर वहां मौजूद चारों युवक उलझ गए और उनके साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करने लगे। एएसआई द्वारा खुद के पुलिस अधिकारी होने और ऑन-ड्यूटी होने की बात कहने पर भी युवकों ने उनकी बात नहीं मानी और उनके साथ मारपीट की।
एएसआई ने तत्काल पीसीआर 12 को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दो युवकों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान लातेहार निवासी दीपक कुमार और पलामू निवासी पवन कुमार के रूप में हुई है। हालांकि, दो अन्य आरोपी गोलू सिंह और बीरेंद्र कुमार मौके से फरार हो गए।
पकड़े गए दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है। इस संबंध में एएसआई ने लालपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।


















