डिजीटल डेस्क: प्रियंका गांधी ने ली सांसद के रूप में शपथ, पूरा परिवार रहा मौजूद। केरल के वायनाड लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में पहली बार लोकसभा के लिए चुनी गईं प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को लोकसभा पहुंचकर सांसद के रूप में शपथ ली। इस मौके पर उनका पूरा परिवार भी सदन में मौजूद रहा।
मां सोनिया गांधी और भाई राहुल के अलावा पति रॉबर्ट, उनके बेटे रेहान वाड्रा और बेटी मिराया वाड्रा भी संसद भवन में मौजूद रहे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और रंजीत रंजन समेत कई कांग्रेसी सांसद भी सांसद गैलरी में बैठे हुए थे।
हाथ में संविधान की कॉपी लेकर प्रियंका गांधी ने ली शपथ
प्रियंका अपनी मां सोनिया गांधी के साथ सांसद भवन आईं। प्रियंका गांधी ने सुबह 11 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने के बाद सांसद के रूप में शपथ ग्रहण किया। शपथ ग्रहण के दौरान प्रियंका ने हाथ में संविधान की कॉपी ले रखा था और वह उसे हवा में दिखा रही थीं।
क्रीम कलर की साड़ी पहने संसद भवन पहुंचीं प्रियंका ने हिंदी भाषा में शपथ ली। इसी के साथ अब संसद में पहली बार गांधी-नेहरू परिवार के 3 सदस्य दिखाई देंगे। प्रियंका के भाई राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं जबकि उनकी मां सोनिया राज्यसभा की सांसद हैं और अब वह पहली बार किसी सदन की सदस्य बनी हैं।
भाई राहुल गांधी के पीछे चौथी पंक्ति में बैठीं प्रियंका गांधी वाड्रा
शपथ ग्रहण करने के बाद प्रियंका ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला का हाथ जोड़कर अभिवादन भी किया। फिर प्रियंका ने विपक्ष में पहली पंक्ति में बैठे नेताओं की ओर हाथ जोड़कर अभिवादन किया. सदन में नेता प्रतिपक्ष और उनके भाई राहुल गांधी ने भी हाथ जोड़कर उनका अभिवादन स्वीकार किया।
शपथ लेने के बाद प्रियंका विपक्षी सांसदों के लिए बने आसन की चौथी पंक्ति में गईं और वहां पर बैठ गईं जबकि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पहली पंक्ति पर बैठे हुए थे। प्रियंका के अलावा महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट से निर्वाचित कांग्रेस नेता रवींद्र बसंतराव चव्हाण ने भी आज सदन की सदस्यता की शपथ ली। चव्हाण ने मराठी भाषा में शपथ ली।
प्रियंका गांधी की संसदीय यात्रा हंगामे से शुरू हुई। शपथ ग्रहण खत्म होने के बाद जैसे ही कार्यवाही शुरू हुई विपक्षी सांसदों ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे को देखते हुए स्पीकर ने कार्यवाही 12 बजे के लिए स्थगित कर दी।

लोकसभा में पहुंचते प्रियंका गांधी को कांग्रेसी सांसदों ने घेर लिया और सेल्फी ली…
लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले प्रियंका गांधी ने जैसे ही परिसर में दाखिल हुईं तो कांग्रेस के सांसदों ने उन्हें घेर लिया। लोग फोटो और सेल्फी लेने लग गए। इस बीच मीसा भारती, दीपेंदर हुड्डा और शशि थरूर समेत कई सांसदों ने उनसे मुलाकात की।
शपथ के बाद प्रियंका ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी का अभिवादन किया। साथ ही सांसद गैलरी में बैठे सोनिया गांधी और सास का भी अभिवादन किया। प्रियंका गांधी 5 साल पहले साल 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान सक्रिय राजनीति में उतरी थीं। तब उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा था और कांग्रेस में महासचिव के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं।
केरल वायनाड सीट से राहुल गांधी के इस्तीफा देने के बाद हुए उपचुनाव में कांग्रेस की ओर से पहली बार चुनावी सियासत में उतरीं। उन्होंने वायनाड लोकसभा उपचुनाव में 4 लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिस की।

















