रांची: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने छठी झारखंड विधानसभा के पहले चार दिवसीय सत्र को मंजूरी प्रदान कर दी है। यह सत्र 9 दिसंबर से 12 दिसंबर तक चलेगा और इसमें कई महत्वपूर्ण घटनाक्रम होंगे।
सत्र के पहले दिन, 9 दिसंबर को, नौ निर्वाचित विधायकों का शपथ ग्रहण होगा। शेष सदस्यों का शपथ ग्रहण और विधानसभा अध्यक्ष का निर्वाचन 10 दिसंबर को संपन्न होगा। तीसरे दिन, 11 दिसंबर को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार का अभिभाषण होगा, जिसके बाद राज्य सरकार अपना विश्वास मत पेश करेगी। इसी दिन सरकार अनुपूरक बजट भी पेश करेगी।
12 दिसंबर को सत्र का अंतिम दिन होगा, जिसमें राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव लाया जाएगा और इस पर चर्चा व मतदान होगा। इसके साथ ही भोजनावकाश के बाद द्वितीय अनुपूरक बजट पर पक्ष-विपक्ष के बीच वाद-विवाद होगा। इस दौरान खनन पर शेष बढ़ाने से संबंधित संशोधित विधेयक भी विधानसभा में पेश किया जाएगा।


















