रांची: भाजपा नेता और चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष रमेश कुमार सिंह को पीएलएफआई के नाम पर रंगदारी मांगे जाने और धमकी भरे कॉल मिलने का मामला सामने आया है। सुखदेवनगर थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, रविवार दोपहर 2:05 बजे रमेश सिंह के मोबाइल पर 9932665865 नंबर से कॉल आया। इसके बाद 7411196898 और 9511014753 नंबरों से भी फोन कर धमकी दी गई।
फोन करने वाले ने खुद को पीएलएफआई का सदस्य बताते हुए संगठन के लिए आर्थिक मदद करने की बात कही और चेतावनी दी कि निर्देशों का पालन नहीं करने पर अंजाम भुगतना होगा।
यह पहली घटना नहीं है। भाजपा नेता को 28 दिसंबर 2024 को भी इसी तरह धमकी भरे कॉल मिले थे, जिसकी प्राथमिकी उन्होंने सुखदेवनगर थाने में दर्ज कराई थी। हालांकि, अब तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
पुलिस ने ताजा मामले की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कॉल करने वाले नंबरों को ट्रेस करने और आरोपी की पहचान के लिए तकनीकी और मैदानी स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय प्रशासन ने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और सतर्क रहें।



















