FJCCI Election Result 2026, रांची: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) सत्र 2026-2027 के चुनाव परिणाम सामने आने के बाद नई कार्यकारिणी के गठन की तस्वीर स्पष्ट होने लगी है। कार्यकारिणी के चुनाव में मुकेश कुमार अग्रवाल ने सर्वाधिक 1,827 मत हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं डॉ. अभिषेक कुमार रामधीन 1,742 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। प्रवीण लोहिया को 1,725 वोट मिले और उन्होंने तीसरा स्थान हासिल किया। तुलसी पटेल 1,622 मतों के साथ चौथे स्थान पर रहे। चुनावी नतीजों के सामने आने के बाद विजयी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में उत्साह देखने को मिल रहा है।
शीर्ष 21 में किसे कितने वोट मिले?
कार्यकारिणी के शीर्ष 21 विजयी प्रत्याशियों में विनीता सिंघानिया को 1,597, ज्योति कुमारी को 1,535 और राम बांगड़ को 1,506 मत मिले। इसके अलावा मनीष जैन को 1,497, नवजोत अलंग (रूबल) को 1,469, निधि झुनझुनवाला को 1,450, आस्था किरानी को 1,441 और अमित अग्रवाल को 1,424 वोट मिले। राहुल साबू को 1,418, रोहित पोद्दार को 1,384, अनिल अग्रवाल को 1,360, अमित शर्मा को 1,348 और रोहित अग्रवाल को 1,347 मत प्राप्त हुए। अमित किशोर (अग्रवाल) को 1,344, विकास विजयवर्गीय को 1,305, मोनिका गोयनका को 1,300 और पूजा ढाढरिया (पूजा ढाढा) को 1,288 मत मिले। उमंग सुल्तानिया 1,243 वोट के साथ 22वें स्थान पर रहे और कार्यकारिणी में जगह बनाने से चूक गए।
साउथ छोटानागपुर सीट पर 28-28 वोट से टाई
चुनाव परिणामों में सबसे दिलचस्प स्थिति साउथ छोटानागपुर प्रमंडल की सीट पर बनी। यहां दामोदर कुमार कसेरा और राजेश कुमार महतो के बीच मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। कुल 56 मतों में दोनों प्रत्याशियों को 28-28 वोट मिले। इस बराबरी के बाद अब निर्वाचन समिति के अगले फैसले पर नजर है। टाई की स्थिति में अपनाई जाने वाली प्रक्रिया के तहत सीट का अंतिम परिणाम तय किया जाएगा। यह मुकाबला चुनाव के दौरान विवाद और गहमागहमी के कारण भी चर्चा में रहा था।
पलामू में अमित जायसवाल की जीत
पलामू प्रमंडल में अमित कुमार जायसवाल ने जीत दर्ज की। कुल 90 मतों में उन्हें 59 वोट मिले, जबकि उदय शंकर दुबे को 31 मत प्राप्त हुए। इस तरह अमित कुमार जायसवाल ने 28 मतों के अंतर से मुकाबला अपने नाम किया। परिणाम सामने आने के बाद पलामू क्षेत्र के विजयी प्रत्याशी के समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।
संताल प्रमंडल में भी रहा नजदीकी मुकाबला
संताल प्रमंडल में भी मुकाबला काफी करीबी रहा। यहां कुल 65 मत पड़े, जिनमें से आकाश पांडेय को 34 वोट मिले। उनके प्रतिद्वंद्वी राजेश अग्रवाल को 31 मत प्राप्त हुए। इस तरह आकाश पांडेय ने तीन मतों के मामूली अंतर से जीत हासिल की। वहीं साउथ छोटानागपुर में बराबरी और संताल प्रमंडल में बेहद कम अंतर से आए नतीजों ने चुनाव को खासा रोमांचक बना दिया। विस्तृत परिणाम सामने आने के बाद अब FJCCI की नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। शीर्ष 21 विजयी प्रत्याशियों के चयन के साथ कार्यकारिणी के गठन का महत्वपूर्ण चरण पूरा हो गया है, जबकि साउथ छोटानागपुर सीट के टाई परिणाम पर निर्वाचन समिति के निर्णय का इंतजार रहेगा।



















