रांची: कांके, रांची का रहने वाला कुख्यात अपराधी बाबू सिंह उर्फ शाहनवाज उर्फ सादाब खान हाई-प्रोफाइल अपहरण मामले में वांटेड है। ओडिशा पुलिस ने उसे वांटेड घोषित करते हुए उस पर ₹2 लाख का इनाम रखा है। पुलिस के अनुसार, खान खनन कंपनी के उपाध्यक्ष निमानंद प्रधान के अपहरण का मास्टरमाइंड है।
यह मामला फिरौती मांगने से जुड़ा है। ओडिशा के क्योंझर पुलिस ने 7 फरवरी को निमानंद प्रधान के अपहरण कांड का खुलासा किया था, जिसमें सात लोगों को गिरफ्तार किया गया था। जांच में सामने आया कि अपहरण की साजिश एक साल पहले रची गई थी।
पुलिस के अनुसार, निमानंद प्रधान के ऑफिस के ड्राइवर की मदद से यह योजना बनाई गई। ड्राइवर ने अपने नई कार की खरीद की खुशी में ऑफिस में लड्डू बांटे, जिनमें नशीला पदार्थ मिला हुआ था। लड्डू खाने से दो ड्राइवर बेहोश हो गए, जिसके बाद अपराधियों ने निमानंद प्रधान को झारखंड ले जाकर उनके परिवार से ₹2 करोड़ की फिरौती मांगी।
अब पुलिस इस मामले के मास्टरमाइंड सादाब खान की तलाश कर रही है। ओडिशा पुलिस ने घोषणा की है कि उसकी सूचना देने वाले को इनाम दिया जाएगा और उनकी पहचान गुप्त रखी जाएगी।


















