Wednesday, July 2, 2025

Latest News

Related Posts

पेयजल विभाग में 22.93 करोड़ की फर्जी निकासी, ईडी की बड़ी कार्रवाई की तैयारी, अभियंताओं पर गिर सकती है गाज

रांची: झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में करोड़ों की फर्जी निकासी घोटाले में ईडी ने बड़ी कार्रवाई की तैयारी कर ली है। विभाग के तत्कालीन कैशियर सह अपर डिविजनल क्लर्क संतोष कुमार की गिरफ्तारी के बाद अब अभियंताओं की बारी है। सूत्रों के अनुसार, ईडी जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां कर सकती है।

सदर थाना में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर शुरू हुई इस जांच में ईडी ने अब तक 22 करोड़ 93 लाख 42 हजार 947 रुपये की अवैध निकासी का मामला उजागर किया है। यह मामला वर्ष 2003 में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के खाते से 2.71 करोड़ रुपये की फर्जी निकासी की प्राथमिकी के साथ शुरू हुआ था। लेकिन जांच में विभाग और रांची कोषागार कार्यालय के अधिकारियों की मिलीभगत से बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का खुलासा हुआ है।

ईडी के अनुसार, गिरफ्तार संतोष कुमार और उसकी कंपनी मेसर्स राकड्रिल कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के खातों में कुल 22.93 करोड़ रुपये स्थानांतरित किए गए। इनमें से 12.02 करोड़ रुपये 11 अन्य लोगों के खातों में भेजे गए। जांच में सामने आया कि तत्कालीन कार्यपालक अभियंता प्रभात कुमार सिंह के खाते में 1.75 करोड़, अभियंता राधेश्याम के खाते में एक करोड़, अभियंता चंद्रशेखर को तीन करोड़ और अधीक्षण अभियंता निरंजन कुमार को 80 लाख रुपये भेजे गए।

इसके अलावा अकाउंटेंट पस्मानंद कुमार के खाते में एक करोड़, स्व. सुरेंद्र पाल मिज को 30 लाख, कोषागार पदाधिकारी मनोज कुमार को 15 लाख, सुनील कुमार सिन्हा को 85 लाख, विभाग के कर्मचारी संजय कुमार सिंह को 10 लाख, रंजन कुमार सिंह को सात लाख और खुद संतोष कुमार ने अपने खाते में तीन करोड़ रुपये डाले। ईडी को इन सभी लेनदेन के साक्ष्य मिल चुके हैं और उनका सत्यापन भी पूरा हो चुका है।

ईडी का दावा है कि संतोष कुमार ने दिसंबर 2022 में तत्कालीन कार्यपालक अभियंता प्रभात कुमार सिंह के निर्देश पर यह राशि स्थानांतरित की थी। एजेंसी अब एक-एक कर सभी अभियंताओं और आरोपितों का बयान दर्ज कर रही है और जल्द ही इस घोटाले में और गिरफ्तारी संभव है।

झारखंड में सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार के इस बड़े नेटवर्क के खुलासे ने प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है।

 

Loading Live TV...

📍 लोकेशन और मौसम लोड हो रहा है...